श्री विनायकम स्कूल में 27 जून को होगा प्रतिभा सम्मान समारोह।
मेधावी विद्यार्थियों को मिलेंगे लैपटॉप । विद्यालय मनाएगा रजत जयंती वर्ष।

बैतूल। समग्र शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूर्ण करने के उपलक्ष्य में श्री विनायकम स्कूल द्वारा आज 27 जून को प्रातः 8:45 बजे विद्यालय परिसर में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह उड़ान… सपनों की का आयोजन किया जाएगा।
समारोह में उन मेधावी विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय के साथ जिले का भी नाम रोशन किया है। कार्यक्रम के दौरान सीबीएसई कक्षा 12 विज्ञान संकाय के छात्र नीरज नहारिया, जिन्होंने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं, तथा मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल कक्षा 12 वाणिज्य संकाय के छात्र कृतिक नागले, जिन्होंने 94.2 प्रतिशत अंक अर्जित किए हैं, उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि पर लैपटॉप भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त नर्सरी से कक्षा 12 तक के शैक्षणिक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी मंच से सम्मानित किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि यह समारोह विद्यार्थियों के परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के साथ शिक्षा के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता को भी सशक्त रूप से अभिव्यक्त करेगा।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से इस प्रेरणादायी आयोजन में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कर मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने तथा विद्यालय की 25 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धि के साक्षी बनने का आग्रह किया है।




