सतपुड़ा की वादियों में शिक्षा की अलख जगा रहे राजीव खंडेलवाल और परिवार

चिचढाना के 80 बच्चों को स्वेटर और सामग्री का वितरण


बैतूल। दर्द किसी का देखकर जो आह निकल जाती है, बस इतनी सी बात हमें इंसान बना जाती है। इसी भावना को जीते हुए बैतूल के वरिष्ठ समाजसेवी राजीव खंडेलवाल और उनके परिवार ने शासकीय माध्यमिक शाला चिचढाना के छात्रों के लिए एक सराहनीय कदम उठाया। सतपुड़ा की सुरम्य वादियों और मां ताप्ति के तट पर स्थित ग्राम चिचढाना की शाला में अध्ययनरत 80 विद्यार्थियों को स्वेटर और शिक्षण सामग्री का वितरण किया गया।
राजीव खंडेलवाल ने बताया कि ताप्ति प्रवास के दौरान उन्होंने देखा कि ठंड के कारण बच्चे बिना स्वेटर के स्कूल जाने को मजबूर हैं और गरीबी के चलते उनके पास शिक्षण सामग्री का भी अभाव है। यह दृश्य देखकर उन्होंने प्रण लिया कि अपनी आय का एक हिस्सा इन बच्चों की मदद के लिए समर्पित करेंगे। पिछले तीन वर्षों से यह परिवार जी. डी. खंडेलवाल ट्रस्ट के माध्यम से चिचढाना शाला के कक्षा पहली से आठवीं तक के छात्रों को गोद लेकर उनकी जरूरतें पूरी कर रहा है।
– हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर प्रतिभावान विद्यार्थियों का करते हैं सम्मान
राजीव खंडेलवाल और उनके सुपुत्र योगी खंडेलवाल स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चिचढाना पहुंचकर कक्षा पहली से आठवीं तक के प्रथम और द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण छात्रों को सम्मानित करते हैं। इसके अलावा, साल में दो से तीन बार शाला का दौरा कर छात्रों की अन्य जरूरतें और पढ़ाई के स्तर की जानकारी लेते हैं। इस वर्ष आयोजित स्वेटर और शिक्षण सामग्री वितरण कार्यक्रम में संस्था प्रमुख विजय कुमार तेलकर, वरिष्ठ शिक्षक संजय धुर्वे, वामनराव धोटे, दिनश मर्सकोले, धर्मेन्द्र नामदेव, एसएमसी अध्यक्ष मंगल उईके और ग्राम के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने खंडेलवाल परिवार की इस नेक पहल की सराहना की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button