गांव-गांव से खोजकर सम्मानित की गईं संघर्षशील महिलाएं, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर हुआ विशेष कार्यक्रम।
संघर्ष से जीवन गढ़ने वाली महिलाओं को साड़ी, शॉल और श्रीफल देकर किया सम्मानित । राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी महिला संगठन की सराहनीय पहल।

बैतूल। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी महिला संगठन ने समाज में संघर्ष कर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाली महिलाओं का सम्मान कर एक अलग पहल प्रस्तुत की। संगठन की टीम ने ऐसी महिलाओं को खोजकर सामने लाने का प्रयास किया, जिन्होंने जीवन की कठिन परिस्थितियों के बावजूद हार नहीं मानी और अपने परिवार को संभालते हुए समाज के लिए प्रेरणा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष कविता उमाकांत मालवी, प्रदेश महामंत्री सरिता पवार, जिला अध्यक्ष लता सोनी और सचिव पिंकी नामदेव की मौजूदगी में विभिन्न गांवों से चयनित महिलाओं का सम्मान किया गया। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि मंचों पर अक्सर कई लोगों का सम्मान किया जाता है, लेकिन संगठन ने इस बार उन महिलाओं को चुनने का निर्णय लिया जो वास्तव में सम्मान की हकदार हैं और जिनके संघर्ष से समाज को सीख मिलती है कि महिलाएं कभी हार नहीं मानतीं।
कार्यक्रम में चयनित महिलाओं का फूलमाला पहनाकर, तिलक लगाकर, श्रीफल, शॉल और साड़ियां भेंट कर सम्मान किया गया। संगठन की टीम ने गांवों में जाकर ऐसी महिलाओं की पहचान की जो विपरीत परिस्थितियों में भी अपने परिवार की जिम्मेदारी निभाते हुए आत्मसम्मान और संघर्ष की मिसाल बन रही हैं।
राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी महिला संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में उन महिलाओं को सामने लाना है जो चुपचाप संघर्ष करते हुए परिवार और समाज को संभाल रही हैं और जिनकी कहानी अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन सकती है।





