आम आदमी पार्टी ने विनोद जगताप को बनाया बैतूल जिला अध्यक्ष…

10 ब्लॉकों में होगा संगठन का विस्तार ..

 

बैतूल। आम आदमी पार्टी ने मध्यप्रदेश में संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए नई कार्यकारिणी की घोषणा की है। प्रदेश प्रभारी जितेन्द्र सिंह तोमर द्वारा घोषित इस कार्यकारिणी में बैतूल जिले की कमान सक्रिय समाजसेवी और जनसंघर्षों के लिए पहचान बना चुके विनोद जगताप को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नर्मदापुरम जोन प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया कॉर्डिनेटर मुकेश गायकवाड़ ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी नेतृत्व ने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले की जिम्मेदारी विनोद जगताप को सौंपी है।

जैसे ही विनोद जगताप को जिला अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा हुई, पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह और नई ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। विनोद जगताप का सामाजिक और राजनीतिक जीवन लंबे समय से आमजन, विशेषकर मजबूर, शोषित और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों की लड़ाई से जुड़ा रहा है। क्षेत्र में वे लगातार जनसमस्याओं को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आवाज उठाते रहे हैं, जिसके कारण उन्हें जमीनी कार्यकर्ता और संघर्षशील नेतृत्व के रूप में पहचान मिली है। पार्टी नेतृत्व ने उनके इसी जनसमर्पित व्यक्तित्व को देखते हुए उन्हें जिले की कमान सौंपी है।

– संगठन को मजबूत करना पहली प्राथमिकता

जिला अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद आयोजित बैठक में विनोद जगताप ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि बैतूल जिले के सभी 10 ब्लॉकों में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों का लगातार दौरा किया जाएगा तथा नए कार्यकर्ताओं को जोड़कर पार्टी को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे।

विनोद जगताप ने कहा कि आगामी नगरीय निकाय और ग्राम पंचायत चुनावों को देखते हुए अभी से संगठनात्मक तैयारी शुरू की जाएगी, ताकि पार्टी जिले में एक मजबूत विकल्प के रूप में सामने आ सके। उन्होंने यह भी बताया कि जिला मुख्यालय पर जल्द ही आम आदमी पार्टी का कार्यालय खोला जाएगा, जिससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को एक मंच मिलेगा और आम जनता की समस्याओं को प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।

– पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों में हर्ष

उनकी नियुक्ति पर पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी जिले में नई पहचान स्थापित करेगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका और संघर्षशील छवि के कारण विनोद जगताप के नेतृत्व से आम आदमी पार्टी को जिले में नई मजबूती मिल सकती है।

विनोद जगताप के जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर उन्हें बधाई देने वालों में अजय सोनी, शंकर पेंदाम, अब्दुल अज़ीज़ खान, मंजू छिपने, रूपाली खाड़े, ललित कुमार देशमुख, फिरदौस खान, जितेंद्र देशमुख, श्रीराम मानकर, विशाल भालेकर, शिबू विश्वकर्मा, राकेश सिंह, पवन गव्हाड़े, अशोक सोनारे, आशीष ठाकरे, सुधीर चौकीकर, भरत सेन, रोहित पाल, राहुल सोनी, शमीम रिज़वी, रमेश भूमरकर, सुरेश जावलकर, सिराज खान, सुमन कुरानिया, कमला बाथम, दुर्गा भूमरकर, थब्बीराम डोंगरे, अजय सरणकर, मनोहर पचोरिया, संजय खातरकर, प्रीतम भूमकर, राकेश सिंह, शिबू विश्वकर्मा, बाबू खान, हीराबाई देशमुख, अनिल पवार और शिव तुमडम सहित अन्य साथियों ने बधाई प्रेषित की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button