Firing In Hospital : बैतूल-नागपुर नेशनल हाइवे पर सरकारी अस्पताल में हुई फायरिंग, अज्ञात बदमाशाें ने चलाई छह राउंड गोलियां

Firing In Hospital : बैतूल। मध्यप्रदेश में बैतूल-नागपुर नेशनल हाइवे पर स्थित टोल प्लाजा के समीप ग्राम मिलानपुर में उप स्वास्थ्य केंद्र पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस घटनाक्रम की जानकारी लगते ही गांव में जहां दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है वहीं स्वास्थ्यकर्मियों में असुरक्षा से डर बना हुआ है। बदमाशों ने स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार दोपहर से बुधवार सुबह के मध्य फायरिंग करने की जानकारी स्वास्थ्यकर्मियों के द्वारा दी जा रही है।

घटना का पता बुधवार सुबह उस समय लगा जब अस्पताल का ताला खोलने पहुंची आशा कार्यकर्ता को दीवार, दरवाजे पर छेद नजर आए। भीतर जाकर देखा तो कांच के दरवाजे एवं कुर्सी में भी गोली से छेद हुआ पाया गया। तत्काल ही उच्चाधिकारियों एवं पुलिस को सूचना दी गई। बैतूलबाजार थाना प्रभारी नीरज पाल एवं पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया।

इस दौरान गोली के दो खोल मौके पर पड़े पाए गए। आसपास के क्षेत्र में भी पुलिस ने निरीक्षण किया। थाना प्रभारी नीरज पाल ने बताया कि मिलानपुर के उप स्वास्थ्य केंद्र भवन में अज्ञात बदमाशों के द्वारा गोली चलाई गई हैं। स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ एनएमए ने पुलिस को जानकारी दी है कि मंगलवार को सुबह उन्होंने ताला खोला और कामकाज करने के बाद वे ताला बंद कर फील्ड में चली गईं थीं।

बुधवार सुबह आशा कार्यकर्ता जब सफाई करने के लिए पहुंची तो उसे दीवार एवं दरवाजे में छेद दिखा। अंदर जाकर देखने पर पाया गया कि कांच के दरवाजे एवं कुर्सी में भी गोली चलाने से छेद हो गए हैं। स्वास्थ्य केंद्र के बाहर की दीवार के पास गोली चलाने के बाद उसके दो टुकड़े पाए गए हैं। पुलिस ने इन्हें जब्त कर लिया है।

संभावना जताई जा रही है कि स्वास्थ्य केंद्र में ताला बंद होने के कारण या ताे बदमाशों ने पिस्टल, कट्टे से फायर किए होंगे।पुलिस के द्वारा टोल प्लाजा एवं मार्ग के अासपास मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button