Lockout : बीएससी थर्ड ईयर के छात्रों ने जेएच कॉलेज में की तालाबंदी
रिजल्ट बिगड़ने से नाराजगी, री-वेल्यूएशन कराने की मांग, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

Betul News : बैतूल। छिंदवाड़ा की शंकरशाह यूनिवर्सिटी से संबद्ध बैतूल के कॉलेजों में पढ़ने वाले परीक्षार्थियों का रिजल्ट बिगड़ने से नाराजगी है। छात्रों ने मंगलवार को अपना आक्रोश जताते हुए जेएच कॉलेज में प्रदर्शन किया। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष जैद खान के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने कॉलेज में तालाबंदी करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति के नाम प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर री-वेल्यूएशन कराने की मांग की।
आरोप है कि यूनिवर्सिटी से बनाया गया रिजल्ट संदेहास्पद है। जिसमें अधिकांश परीक्षार्थियों को फेल या फिर सप्लीमेंट्री दे दी गई है। नाराज विद्यार्थियों ने जेएच कॉलेज के प्राचार्य को विश्वविद्यालय के कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने तृतीय वर्ष के परीक्षा परिणाम का पुनः मुल्यांकन कर घोषित करने की मांग की है। रिजल्ट पुनः घोषित नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

इसमें सत्र 2022-23 के तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम शामिल है। छात्रों के मुताबिक रिजल्ट संदेहास्पद है। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष जैद खान ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा छात्रों को 0,1,2,3 जैसे नंबर दिए गए हैं जो छात्रों के भविष्य के लिए उचित नहीं है। बैतूल एक आदिवासी बाहुल्य जिला है, यहां पर अधिकतर छात्र गरीब, निम्न, मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं। परीक्षा परिणाम से विद्यार्थियों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। जिलाध्यक्ष जैद खान ने ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी है कि विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम सुधार कर पुनः घोषित नहीं किया गया तो एनएसयूआई पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी जिसकी जिम्मेदारी छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला उपाध्यक्ष निलेश धुर्वे, जिला प्रवक्ता नितिन विश्वास, जिला महासचिव रामकुमार नागवंशी, शाहिद खान, प्रखर पवार, जिला सचिव कुणाल, आकाश कुबड़े, राजकुमार पांडे, पंकज नागवंशी, नावेद खान, धर्मपाल बिसोने, विकास बामने, दिनेश बेले, बिट्टू पाटणकर, प्रकाश पाल, संजय, गौरव, नेहा बाथरी, सितारा नागवंशी, आरती काकोड़िया, बेबी उइके, स्नेहा लांजीवार, शिवानी आरसे, साधना बनवारी, निकिता साहू, अखंडे, अन्नू काजले सहित बड़ी संख्या में बीएससी तृतीय वर्ष के पूर्व व वर्तमान के अनुत्तीर्ण विद्यार्थी व एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




