Controversy : निशा बांगरे का चुनाव लड़ने से इंकार नहीं, अच्छा अवसर मिला तो परिवार से चर्चा कर लेंगी फैसला

TODAY BETUL NEWS : बैतूल। छतरपुर जिले में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे के आमला विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक जमीन तलाश करने की चर्चाओं को आज बल मिल गया है।सरकार के द्वारा जब आयोजन और उसमें शामिल होने तक की अनुमति नहीं दी गई तो बांगरे ने अपने पद से इस्तीफा देकर दबाव बनाने का प्रयास भी कर डाला। इसके बाद भी प्रशासन और सरकार का रूख नहीं बदला तो आखिर में डिप्टी कलेक्टर के द्वारा घर के उद्घाटन, शुभारंभ कार्यक्रम तक ही स्वयं काे सीमित कर लिया है।
जैसी आशंका जताई जा रही थी कि छतरपुर जिले में पदस्थ रहते हुए आमला में मकान बनाना और गांव-गांव घूमने के पीछे कोई राजनीतिक वजह तो नही है। शुक्रवार को स्वयं निशा बांगरे ने स्पष्ट कर दिया है कि मेरे पास किसी राजनीतिक दल का कोई प्रस्ताव नही है, ना मैं किसी से जुड़ी हुई हूं और न ही कोई राजनीतिक कारण है जिसके कारण मेरे द्वारा इस्तीफा दिया गया है। चुनाव लड़ने के लिए आफर मिलने के सवाल पर निशा बांगरे ने कहा कि हम परिवार के साथ विचार करेंगे। हमने पिछली बार भी यही कहा था कि जो भी अच्छा होगा अवसर हम उस पर जरूर जाएंगे।
जिले के प्रशासनिक मुखिया की छोटी सोच: निशा
आमला में हवाई पट्टी पर कार्यक्रम का आयोजन करने के लिए प्रशासन द्वारा अनुमति न दिए जाने पर डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे ने तल्ख तेवर दिखाते हुए कहा कि जिले के प्रशासनिक मुखिया की छोटी सोच है और यहां के प्रशासनिक नुमाइंदों का षड़यंत्र है। किसी के घर के उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन न करने देना और उसमें शामिल होने की स्वयं को ही अनुमति प्रदान न करना मौलिक अधिकाराें का हनन है।
मैं नौकरी में वापस नहीं जाऊंगी: निशा
बैतूल में पत्रकारों से चर्चा करते हुए डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे ने कहा कि 25 जून को आमला में मेरे मकान का उद्घाटन होना है। इसके लिए गगन मलिक फाउंडेशन के द्वारा सर्वधर्म शांति सम्मेलन एवं विश्व शांति पुरस्कार का आयोजन किया जा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए पत्र लिखा था। उसे मान्य नहीं किया गया। दोबारा पत्र लिखा गया लेकिन शासन ने 22 जून को पत्र के माध्यम से अनुमति देने से इंकार कर दिया है। हमारे मौलिक अधिकार का हनन है। अपने अधिकारों को जब मैं प्राप्त नहीं कर पाई हूं तो मेरे किसी भी प्रशासनिक पद पर रहने का क्या मतलब है। इसी कारण से मैने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मैं नौकरी में वापस नहीं जाऊंगी, सरकार को इस्तीफा मंजूर करना हो तो करे या न करे।
कार्यक्रम तो हाेगा, किसी अनुमति की जरूरत नहीं:
डिप्टी कलेक्टर बांगरे ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि मेरे मकान का उद्घाटन है यह तो होगा ही। इसमें गोंड, कोरकू धर्म गुरु, मुस्लिम, इसाई धर्मगुरु आ रहे हैं। मेरे आंगन में कार्यक्रम हाेगा, इसके लिए किसी की अनुमति की कोई आवश्यकता नही है।




