12 साल तक गले के ट्यूमर से जूझती रही महिला, मेडिकल कैंप में मिली नई जिंदगी.

डर और जागरूकता की कमी से टलता रहा इलाज, आयुष्मान योजना ने दिलाई राहत भोपाल में सफल सर्जरी, वर्षों पुराना ट्यूमर निकाला गया| बैतूल के डॉक्टरों की टीम ने किया ऑपरेशन, मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ | 26 फरवरी को फिर लगेगा मेडिकल चेकअप कैंप, ग्रामीणों से समय पर जांच की अपील...

 

बैतूल। जिले के भीमपुर विकासखंड के ग्राम पिपरिया आदर्श दनोरा की 46 वर्षीय विमला अहाके पिछले 10 से 12 वर्षों से गले में बढ़ते ट्यूमर की गंभीर समस्या से जूझ रही थीं। डर और जागरूकता की कमी के कारण वे लगातार इलाज से बचती रहीं। बीमारी धीरे-धीरे बढ़ती गई, लेकिन ऑपरेशन के नाम से ही वे घबरा जाती थीं, जिससे समय पर उपचार नहीं हो सका।

स्थिति तब बदली जब एक मेडिकल कैंप में उनकी जांच भोपाल स्थित प्रभात श्री हॉस्पिटल के संचालक डॉ. राम देशमुख ने की। जांच के बाद उन्होंने स्पष्ट रूप से सर्जरी की सलाह दी। काउंसिलिंग के दौरान विमला अहाके को समझाया गया कि सही समय पर ऑपरेशन ही स्थायी समाधान है। परिवार के सहयोग और डॉक्टरों की समझाइश के बाद वे इलाज के लिए तैयार हुईं।

इसके बाद उन्हें भोपाल के प्रभात चौराहे स्थित प्रभात श्री अस्पताल में भर्ती किया गया। यहां बैतूल जिले के सुप्रसिद्ध डॉ. रमेश बड़वे और ईएनटी सर्जन डॉ. जेपी बुच की टीम ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया। सर्जरी पूरी तरह सफल रही और वर्षों से परेशान कर रहा ट्यूमर निकाल दिया गया। ऑपरेशन के बाद विमला अहाके अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और सामान्य जीवन जी रही हैं।

इलाज की सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि पूरा उपचार केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत हुआ। योजना के कारण सर्जरी और इलाज पूरी तरह निशुल्क रहा और परिवार पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं पड़ा।

डॉ. राम देशमुख ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी और ऑपरेशन का भय मरीजों को उपचार से दूर कर देता है। सही जानकारी और विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लेना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने समय पर इलाज को ही समझदारी बताया। विमला अहाके ने भावुक होकर कहा कि ट्यूमर के कारण उनका जीवन कष्टदायक हो गया था, लेकिन अब वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने सरकार की योजना की सराहना करते हुए प्रभात श्री अस्पताल के सभी डॉक्टरों के प्रति आभार जताया और कहा कि उन्हें और उनके परिवार को नई जिंदगी मिली है।

डॉ. राम देशमुख ने जानकारी दी कि बैतूल में 26 फरवरी को एक और मेडिकल चेकअप कैंप आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों को समय पर जांच और सही उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button