झमाझम वर्षा जारी: सतपुडा जलाशय के सात गेट खोले, तवा नदी में आई बाढ़

Weather News: बैतूल। जिले में सोमवार से शुरू हुई वर्षा मंगलवार सुबह तक जारी रही। इससे नदी–नालों में पानी बढ़ गया है। सारणी क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में दो इंच वर्षा दर्ज की गई है। तेज वर्षा से सतपुड़ा जलाशय में पानी का स्तर बड़ी तेजी से बढ़ रहा है। रात नौ बजे सतपुड़ा जलाशय के पांच गेट खोले गए। इसके बाद दो गेट और खोलकर कुल सात गेट से 12 हजार क्यूसेक पानी प्रति सेकंड तवा नदी में छोड़ा जा रहा है।
गेट खोलने से तवा नदी उफान पर है और पुनर्वास कैंप चोपना के 32 गांवों को जोड़ने वाले रास्ते पर पुल से पानी जा रहा है। इस वजह से आवाजाही बंद है।
मंगलवार सुबह नौ बजे से सतपुड़ा डेम के 7 गेट एक एक फीट की ऊंचाई पर खुले हैं। 7 गेटों से फिलहाल 6 हजार क्यूसेक पानी तवा में प्रति सेकंड छोड़ा जा रहा है। दरअसल पहाड़ी क्षेत्रों में रात भर झमाझम वर्षा हुई है। इसके चलते बाढ़ का पानी डेम में पहुंच रहा है। बीते 24 घंटे में 43 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड हुई है। इसी के साथ वर्षा का आंकड़ा बढ़कर 371 मिलीमीटर पर पहुंच गया है। जलाशय में आ रही बाढ़ को देखते हुए सतपुड़ा का लेवल 1429.50 फीट मेंटेन किया जा रहा है।
जलाशय प्रबंधन से प्राप्त जानकारी के अनुसार रात 9 बजे डेम के 5 गेट 2-2 फीट की ऊंचाई पर खोले गए। इसके बाद भी लेवल मेंटेन नहीं होने पर गेटों की संख्या बढ़ाकर 7 कर दी गई। इस दौरान तवा नदी में प्रति सेकंड 12 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जाने लगा। यह सिलसिला मंगलवार सुबह तक चला।




