Traffic Closed : प्रधानमंत्री मोदी की सभा: राष्ट्रीय राजमार्ग पर पांच घंटे बंद रहेगा यातायात

- 14 नवंबर को होगी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा साकादेही आठवांमील पर होगी

Traffic Closed :  बैतूल। बैतूल जिले के साकादेही आठवांमील ग्राम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 नवंबर को जन सभा को संबोधित करने के लिए आ रहे हैं।इसके कारण नागपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग 69 पर पुलिस के द्वारा पांच घंटे तक यातायात बंद कर दिया जाएगा। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था बनाई है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग से होकर गुजरने वाले वाहन जो भोपाल एवं नागपुर की ओर आने-जाने के लिए आठवां मील जोड़ से गुजरते हैं उनका आवागमन सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक बंद रहेगा। भारत भारती से नागपुर की ओर से शाहपुर-इटारसी, नर्मदापुरम, भोपाल की ओर जाने वाले छोटे वाहन बाइक , कार आदि भारतभारती से सोनाघाटी, चक्कर रोड, थाना चौक, कमानी गेट, रानीपुर, बैतूल-सारनी जोड़, घोड़ाडोंगरी होते हुए बरेठा जोड़ से अपने गंतव्य स्थान के लिए पहुंच सकेंगे। भोपाल से बैतूल, छिंदवाड़ा, पाढुरना , चिचोली, भैंसदेही की ओर जाने वाले छोटे वाहन, बाइक , कार बरेठा जोड़ से होते हुए घोड़ाडोंगरी , रानीपुर, कमानी गेट, थाना चौक, सोनाघाटी, भारत भारती होते हुए अपने गंतव्य स्थान के लिए पहुंचेंगे।

भारी वाहनों का आवागमन रहेगा बंद:

प्रधानमंत्री की सभा के लिए पुलिस द्वारा बैतूल-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया जाएगा। सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक भारी वाहनों को जगह-जगह रोकने की व्यवस्था की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नागपुर की ओर से बैतूल, भारत-भारती की ओर जाने वाले वाहन वंश ढाबा, लक्की ढाबा, ग्रीन पार्क, मिलानपुर टोल प्लाजा पर रोक दिए जाएंगे। शाहपुर-इटारसी की ओर से आने वाले वाहनों को मुच्छड़ ढाबा, जस्सी ढाबा पर ही रोक दिया जाएगा।पुलिस के द्वारा सभा स्थल के आसपास वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी बनाई गई है। इसमें दो पहिया वाहनों की पार्किंग आठवां मील जोड़ के पास की गई है।

नर्मदापुरम, इटारसी, शाहपुर, बीजादेही, घोड़ाडोंगरी, सारनी की ओर से आने वाले चार पहिया वाहनों की पार्किंग गेलेक्सी सिटी के पास की गई है। इसी तरह से छिंदवाड़ा, आमला, मुलताई, भैंसदेही, चिचोली, आठनेर, बैतूल की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग आठवां मील के पास खेत की जाएगी। बसों की पार्किंग की व्यवस्था मारूति नर्सिंग होम ग्राम बांसपानी में की गई है।पुलिस और प्रशासन के वाहनों की पार्किंग बांसपानी के शासकीय स्कूल के सामने की गई है।पुलिस के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर पानी की बाटल, पान, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट, कीमती सामान, बैग ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button