Bomb Shells : बैतूल में कबाड़ी के पास मिले बम के खोखे, बीडीएस की टीम पहुंची, डाग के माध्यम से सर्चिंग शुरू
शहर के मध्य में विस्फोटक सामग्री का हो रहा था भंडारण, जांच में सामने आएगा जिंदा हैं या खाली हैं खोखे

Bomb Shells In Betul : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में कबाड़ियों के द्वारा शहर के मध्य में विस्फोटक सामग्री का भंडार रखा जा रहा है। पुलिस के द्वारा लंबे समय से कबाड़खानों की जांच नहीं की जा रही है जिससे कबाड़ी बम के खाली खोखे ओर जिंदा बम तक कबाड़ के रूप में भंडार कर रख रहे हैं। बैतूल के शिवाजी वार्ड में संचालित किए जा रहे कबाड़ खाने पर शुक्रवार को पुलिस ने छापा मारकर जांच की तो बड़ी मात्रा में बम के खोखे बरामद किए गए हैं। जिंदा बम होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया एवं आमला एयरफोर्स , बीडीएस नर्मदापुरम की टीम को जांच के लिए बुलाया।

दोपहर तीन बजे नर्मदापुरम से बीडीएस की टीम बैतूल पहुंची एवं कबाड़ की जांच प्रारंभ कर दी। विस्फोटक सामग्री की पहचान करने वाले डाग स्क्वाड की मदद से सर्चिंग की जा रही है। इस मामले ने बैतूल शहर और आसपास चल रहे कबाड़खानों में कबाड़ के नाम पर अनुचित सामग्री की भी खरीदी-बिक्री करने का खुलासा कर दिया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस एवं मुख्यमंत्री के जिले में प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सघन जांच की जा रही है। शिवाजी वार्ड खंजनपुर में स्थित नईम कुरैशी के कबाड़ खाने की जांच की गई तो बोरियों में बम के 15 से 20 खाली खोखे एवं जिंदा बम भी मिले हैं। इनकी जांच के लिए एयरफोर्स , नर्मदापुरम से बम निरोधक दस्ता के अधिकारियों को बुलाया गया है। उनके द्वारा जांच करने पर ही पता चलेगा कि इनमें जिंदा बम हैं या नहीं।

सुरक्षा के लिए आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया गया है। कबाड़ खाना संचालित करने वाले से पूछताछ की जा रही है। बरामद किए गए बम एवं खाली खोखे कहां के हैं यह जांच के बाद पता चलेगा। आरंभिक पूछताछ में कबाड़ खाना संचालित करने वाले आकिब कुरैशी ने पुलिस को बताया है कि इंदिरा वार्ड के दो लोगों से तीन बोरी में लोहा बताकर बेचे हैं। पुलिस के द्वारा बीडीएस की टीम की जांच पूरी होने के बाद बम के खाली खोखे कहां से लाए गए हैं इसकी पड़ताल कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।




