राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू, भारत भारती के पास पक्के निर्माण ध्वस्त

बैतूल। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैतूल अभिजीत सिंह के आदेश के आधार पर राजस्व विभाग की टीम ने शुक्रवार से राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे अतिक्रमण हटाने की सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। अभियान के तहत भारत भारती क्षेत्र के पास बुलडोजर चलाकर पक्के अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग, पुलिस एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का अमला मौके पर मौजूद रहा।

प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार भारत सरकार द्वारा स्वीकृत राष्ट्रीय राजमार्ग (बैतूल–इटारसी) एवं (बैतूल–इंदौर) के चौड़ीकरण व विकास कार्य में बाधक बन रहे अवैध अतिक्रमणों को हटाया जा रहा है। एनएचएआई द्वारा चिन्हित अतिक्रमणों को हटाने के लिए संयुक्त दल का गठन किया गया है। बैतूल इंदौर हाइवे पर दनोरा से जीन गांव तक के लिए नायब तहसीलदार श्याम सिंह उइके को प्रभारी बनाया गया है जबकि सहायक अधिकारी के रूप में प्रभारी राजस्व निरीक्षक जितेंद्र पवार, उमेश गीद एवं हल्का पटवारी को शामिल किया गया है। ग्राम जोगली से मिर्जापुर के बीच के हिस्से में अतिक्रमण हटाने के लिए चिचोली तहसीलदार प्रेमसिंह दीवान को प्रभारी एवं राजस्व निरीक्षक राजू लोखंडे, राहुल इवने को सहायक अधिकारी बनाया है।

बैतूल इटारसी हाइवे पर सोनाघाटी से बैतूल तहसील की सीमा तक के लिए राजस्व निरीक्षक हेमंत चिल्हाटे एवं हल्का पटवारी को सहायक अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। शुक्रवार को सोनाघाटी, भारत भारती के पास राष्ट्रीय राजमार्ग की सीमा में किए गए पक्के निर्माण, दुकानों के विस्तार और अन्य अवैध ढांचों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। प्रशासन द्वारा पूर्व में संबंधित अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण न हटाने पर सख्त कदम उठाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर निर्धारित सीमा तक अतिक्रमण हटाया जा रहा है, जिससे सड़क चौड़ीकरण कार्य में तेजी आएगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित व सुचारु होगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शेष चिन्हित अतिक्रमणों को निर्धारित तिथियों में हटाया जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button