CRIME NEWS : बैतूल की मंडी से किसान का 3.80 लाख रुपये से भरा झोला लेकर फरार हुआ चोर

CRIME NEWS : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बडोरा में स्थित कृषि उपज मंडी में सोमवार शाम एक किसान के साथ चोरी की बड़ी घटना सामने आई। आमला विकासखंड के ग्राम नाहिया निवासी किसान पुरुषोत्तम वराठे जब मंडी में मक्का बेचकर नकद भुगतान लेकर लौट रहे थे, तब उनके तीन लाख अस्सी हजार रुपये चोरी हो गए। किसान पुरुषोत्तम वराठे ने मक्का बेचने के बाद मंडी में नकद भुगतान प्राप्त किया। इसके बाद वह अपनी बाइक पर रुपये से भरा झोला रखकर किसी परिचित से बातचीत करने लगे। बातचीत के दौरान उनकी नजर झोले पर नहीं रही, और इसी बीच एक संदिग्ध युवक मौका पाकर रुपये से भरा झोला लेकर फरार हो गया।
देखें वीडियो…
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही बैतूलबाजार पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। मंडी क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को फुटेज में एक संदिग्ध युवक नजर आया है, जो घटना के समय मंडी क्षेत्र में मौजूद था। किसान ने बताया कि झोले में तीन लाख अस्सी हजार रुपये नकद थे, जो मक्का बेचने के बाद मिले थे। अचानक हुई इस घटना से वह स्तब्ध हैं।
बड़े नकद लेन-देन के दौरान सतर्क रहें
बैतूलबाजार थाना प्रभारी ने किसानों और व्यापारियों से अपील की है कि बड़े नकद लेन-देन के दौरान सतर्क रहें। झोला या अन्य कीमती सामान ध्यान से रखें, किसी भी स्थिति में नकद राशि को सुरक्षित स्थान पर रखें। संभावित संदिग्ध गतिविधियों की सूचना दें, मंडी में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को देखकर तुरंत पुलिस को सूचित करें। घटना के बाद मंडी क्षेत्र के किसानों और व्यापारियों में डर का माहौल है। उन्होंने मंडी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। इस घटना ने मंडी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है, और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर राशि बरामद की जाएगी।




