Tiger in Betul : बैतूल के जंगल में लगाए कैमरे में कैद हुआ टाइगर, पांच गायों का किया शिकार
उत्तर वन मंडल बैतूल के पूंजी गांव के आसपास दो टाइगर के मूवमेंट से हड़कंप

Tiger in Betul : बैतूल। मध्यप्रदेश के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से दो टाइगर घूमते हुए बैतूल जिले के जंगल में पहुंच गए हैं। उत्तर वन मंडल के पूंजी गांव में दोनों ने पांच गायों का शिकार भी कर डाला है। इस घटना के बाद से पूंजी एवं अन्य गांवों के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वन विभाग के द्वारा जंगल में लगाए गए नाइट विजन कैमरे में दो टाइगर की मौजूदगी सामने आ गई है। इसके बाद वन विभाग की टीम लगातार निगरानी करने में जुटी हुई है।

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से सटे बैतूल जिले के पूंजी गांव में दो बाघों ने शनिवार रात्रि में पांच गायों का शिकार कर दिया। रविवार सुबह किसान ने खेत पहुंचकर देखा तो वन्य प्राणी के हमले से मृत हुई तीन गाय खेत के पास पड़ी मिली जबकि कुछ दूर झाड़ियों में दो गायों के शव क्षत विक्षत हालत में पाए गए। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची एवं निरीक्षण करने पर पाया कि शिकार बाघ ने ही किया है। मौके पर कई जगह बाघ के पगमार्क भी पाए गए हैं।
उत्तर वन मंडल के डीएफअो नवीन गर्ग ने दो बाघों की बैतूल जिले के जंगल में मौजूदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि पांच गायों का शिकार किया गया है। मौके पर पगमार्क भी पाए गए हैं। निगरानी के लिए लगाए गए कैमरों में भी दो बाघों का मूवमेंट देखा गया है। जंगल से सटे गांवों के लोगाें को वन विभाग ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है। वन विभाग की टीम लगातार बाघों की निगरानी कर रही है।
चोपना थाना क्षेत्र के पूंजी गांव निवासी दिलीप विश्वास ने बताया कि शनिवार रात करीब डेढ़ बजे तक वह खेत में ही सिंचाई करता रहा। इसके बाद घर जाकर सो गया। रविवार सुबह जब खेत पहुंचा तो तीन गाय मृत मिलीं, उनके गले पर वन्य प्राणी के दांतों के निशान दिखाई दे रहे थे। खेत के आसपास झाडिय़ों में तलाश करने पर दो गाय के शव पड़े मिले। उनके शरीर का काफी हिस्सा वन्य प्राणी ने खा लिया था। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया जिसमें पाया गया कि खेत के मकान से गायों का शिकार करने के बाद दो को तो घसीटते हुए झाड़ियों तक ले जाया गया है।
रविवार को सुबह से वन विभाग की टीम उत्तर वन मंडल के अंतर्गत आने वाली सारनी रेंज के जंगल में निगरानी करते रही। कई जगह पर नाइट विजन कैमरे भी लगाए गए ताकि वन्य प्राणी का पता लगाया जा सके। सोमवार को सुबह कैमरे में दो बाघों का मूवमेंट नजर आने पर आसपास के ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। उल्लेखनीय है कि सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से बैतूल जिले की सीमा लगी हुई है। इस कारण से सारनी रेंज के जंगल एवं रहवासी क्षेत्र में अक्सर वन्य प्राणी पहुंच जाते हैं। हालांकि यह पहली घटना है जिसमें एक ही रात में पांच गायों का शिकार किया गया है। वन विभाग के अधिकारी भी इसे बड़ी घटना मानते हुए सतर्कता बरतने की सलाह देते हुए बाघों के मूवमेंट पर नजर रख रहे हैं।फिलहाल बाघों के साथ शावक की मौजूदगी नहीं मिली है।




