Pension closed automatically through software: सॉफ्टवेयर से ऑटोमेटिक बंद हुई पेंशन ने पेंशनरों में मचाई खलबली
ई-केवायसी न होने से 950 से अधिक पेंशनरों की पेंशन हुई बंद

बैतूल। सामाजिक न्याय विभाग द्वारा लागू किए गए नए ई-केवायसी नियमों के तहत जिले में 950 से अधिक पेंशनरों की पेंशन बंद कर दी गई है। यह पेंशनर अब अपनी पेंशन की बहाली के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जनसुनवाई में शिकायत कर रहे हैं। पिछले एक हफ्ते में ही 100 से अधिक शिकायतें दर्ज की गई हैं।
30 हजार की ई-केवायसी नहीं हुई
जिले में कुल 127672 पेंशनरों में से 97640 पेंशनरों की ई-केवायसी हो चुकी है, जबकि 30 हजार 32 पेंशनरों की ई-केवायसी अभी भी पेंडिंग है। सरकार ने फर्जीवाड़ा रोकने के लिए सभी पेंशनरों के लिए ई-केवायसी अनिवार्य की है। पेंशन बंद होने की जानकारी धीरे-धीरे पेंशनरों तक पहुँच रही है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ रही है।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में परिवर्तन
सामाजिक न्याय विभाग ने अपात्र पेंशनधारकों की पेंशन बंद कर दी है। साथ ही, ई-केवायसी नहीं कराने वाले पेंशनरों की पेंशन भी अगले महीने से रोक दी जाएगी। सरकार ने 30 जून तक ई-केवायसी कराने की डेडलाइन दी है। ई-केवायसी के लिए आधार कार्ड को लिंक करना अनिवार्य है, लेकिन कई पेंशनरों के वोटर आईडी और आधार कार्ड में उम्र का अंतर होने के कारण उनकी पेंशन बंद हो गई है। इसके समाधान के लिए, सामाजिक न्याय विभाग ने एक नया पोर्टल तैयार किया है जिसमें पेंशनरों की समस्त जानकारी अपलोड की जा रही है।
प्रमुख सचिव के निर्देश
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के प्रमुख सचिव सचिन सिन्हा ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिया है कि जिन पेंशनरों की पेंशन बंद हो गई है, उनके आधार कार्ड में नाम, आयु, लिंग, पता आदि सही-सही अपडेट करना होगा। इसके बाद पात्रतानुसार पेंशन के लिए पुनः आवेदन प्रस्तुत किए जा सकेंगे और एरियर्स के लिए प्रस्ताव जिला कार्यालय से संचालनालय को भेजे जाएंगे।




