Illegal Sand Mining : बैतूल कलेक्टर का आदेश हवा में, धड़ल्ले से नदियों से खाेदी जा रही रेत

फील गुड में जिले का खनिज अमला, मांझी सरकार सैनिकों ने अवैध रेत से भरा ट्रक पकड़ा

Illegal Sand Mining : बैतूल। बैतूल में कलेक्टर के आदेश का कितना पालन होता है इसके कई मामले सामने आ रहे हैं। आदेश तो हो जाते हैं और प्रचार-प्रसार भी खूब कर दिया जाता है लेकिन उनका पालन करने वाले तवज्जो ही नहीं देते हैं। ऐसा ही एक और मामला तब सामने आया जब कलेक्टर के द्वारा नदियों से रेत का खनन प्रतिबंधित करने का आदेश दिया। इस आदेश का पालन कराने के लिए खनिज अमला और राजस्व विभाग के अधिकारियों की महती जिम्मेदारी है। लेकिन कलेक्टर का आदेश हो गया और उसका किसी के द्वारा पालन नहीं किया जा रहा है। हद तो यह है कि कलेक्टर ने भी कभी अपने आदेशों का पालन कितना और कैसा हो रहा है यह समझने का प्रयास ही नहीं किया। इसी का नतीजा है कि धड़ल्ले से नदियों को खोखला कर रेत निकाली जा रही है। जगह-जगह भंडारण भी हो रहा है परंतु किसी को नजर नहीं आ रहा है।

प्रशासन की नाकामी के कारण मांझी सरकार सैनिकों को मोर्चा खोलना पड़ गया। उन्होंने तवा नदी से अवैध रेत भरकर ले जा रहे ट्रक को बीस किलोमीटर पीछा करके पकड़ा है। पकड़े गए ट्रक को शाहपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मांझी सरकार संगठन के श्रवण परते ने बताया कि शाहपुर क्षेत्र के शक्तिगढ़ की तवा नदी से रात में रेत खनन जोरो पर चल रहा है। इस बात की भनक क्षेत्र के मांझी सरकार सैनिकों को भी थी। रात से ही सैनिक सक्रिय हो गए थे।

सुबह आंठ बजे रेत भरकर नदी से जैसे ही ट्रक क्रमांक एमपी 48/एच/1690 निकला तो मांझी सैनिकों ने रोकने का प्रयास किया। लेकिन ट्रक ड्राइवर ने ट्रक भगा लिया। मांझी सैनिकों ने लगभग बीस किलोमीटर पीछा करके ट्रक को सिलपटी गांव के पास पकड़ लिया। मध्यप्रदेश मांझी सरकार सैनिक के प्रदेश अध्यक्ष श्रवण परते, जिला अध्यक्ष नवरंग सिंह आहाके ने बताया कि तवा नदी में रेत कारोबारी रात में उत्खनन कर रहे है जबकि 15 जून से नदियो से रेत निकालने पर एनजीटी की रोक लगी हुई है।

सैनिकों ने सुबह आठ बजे जिला खनिज अमले को सूचना दे दी थी, लेकिन खनिज अमला दोपहर तीन बजे पहुंचे। हमारे 50 सैनिकों ने नदी में मोर्चा सम्हाल लिया था। जब सैनिकों ने तवा नदी में दबिश दी, तब भी नदी में ट्रैक्टर लगे हुए थे जैसे तैसे सैनिकों ने एक ट्रैक्टर पकड़ा है। मांझी सरकार के सैनिक नवरंग आहाके, अनिल धुर्वे, राजाराम धुर्वे, देवेंद्र परते, दिलीप सलाम, राजू उइके, रविन्द्र उइके नान्हू वरकड़े ने बड़ी मेहनत कर अवैध रेत परिवहन करने वालो को पकड़ा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button