Serious Operation: 51 वर्षीय महिला के पेट में थी 9.8 किलो की गठान, डेढ़ घंटे आपरेशन कर बाहर निकाली 

बैतूल के जिला अस्पताल में किया महिला का आपरेशन, कई वर्षों के पेट दर्द से मिला छुटकारा

Health News : बैतूल। किसी के पेट में 9.8 किलो वजन की गठान हो और वह उससे होने वाली पीड़ा को कई वर्षों से कैसे झेल रहा होगा, इसका  अंदाजा लगा पाना भी मुश्किल है।
कुछ ऐसा ही मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के ग्राम बंजारी ढाल की 51वर्षीय महिला के साथ हुआ। कई वर्ष से वह पेट दर्द की असहनीय पीड़ा झेल रही थी। जिला अस्पताल में जब वह उपचार के लिए पहुंची तो जांच करने पर यह पाया गया कि उसके पेट में तो बहुत बड़ी गठान हो गई है। अस्पताल में उसका आपरेशन किया गया और अब उसे दर्द से निजात मिल गई है।
बैतूल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.रविकांत उइके ने बताया कि जिला चिकित्सालय बैतूल में चिकित्सा दल ने करीब डेढ़ घंटे की शल्य चिकित्सा द्वारा महिला मरीज के पेट से 9.8 किलोग्राम बड़ी गांठ निकाली एवं महिला की जान बचाई। गांठ का वजन ज्यादा था एवं इसे सफलतापूर्वक निकाल पाना भी कठिन था।
उन्होंने बताया कि  देवरिया बामने पति  तित्ताल बामने उम्र 51 वर्ष निवासी ग्राम बंजारी ढाल ठानी विकासखंड आमला जिला बैतूल मध्य प्रदेश को अक्सर पेट दर्द की शिकायत रहती थी। दर्द असहनीय होने पर उन्होंने निजी चिकित्सालय में जांच कराई, जहां पेट में गांठ होने का पता चला। एक अन्य निजी चिकित्सालय में उपचार हेतु जाने पर शल्य क्रिया का व्यय लाखों में बताया गया।
आर्थिक रूप से सक्षम न होने के कारण उसको  जिला चिकित्सालय के शल्य क्रिया विभाग में दिखाया गया। जिला चिकित्सालय बैतूल में शल्य क्रिया विशेषज्ञ द्वारा महिला की जांच कर गांठ के शल्य क्रिया द्वारा सफल एवं नि:शुल्क उपचार के बारे में बताया गया।
एक मई 2024 को उसे जिला चिकित्सालय बैतूल में भर्ती किया गया एवं सभी पैरामीटर सामान्य करने के पश्चात दो  मई 2024 को शल्य क्रिया विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ,  निश्चेतना विशेषज्ञ,  नर्सिंग ऑफिसर के सम्मिलित चिकित्सा दल के अथक प्रयत्न द्वारा शल्य क्रिया में सफलता हासिल की गई।
शल्य क्रिया में 40 × 30 × 20 सेमी की 9.8 किलोग्राम की गठान निकाली गई। शल्य चिकित्सा के पश्चात  देवरिया पूरी तरह से स्वस्थ हैं और जिला चिकित्सालय बैतूल में निशुल्क स्वास्थ्य लाभ ले रहीं हैं। सीएमएचओ एवं सिविल सर्जन ने चिकित्सा दल को सफल शल्य क्रिया हेतु बधाई दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button