मेडिकल कॉलेज के प्रयासों के लिए सम्मानित हुए हेमंत खंडेलवाल
नूतन वर्ष के आगमन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पाल समाज ने जताया आभार

बैतूल। नूतन वर्ष के आगमन पर नवीन आशाओं के संचार के साथ पाल समाज, बैतूल द्वारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल के लोकप्रिय विधायक हेमंत खंडेलवाल का भव्य सम्मान किया गया। यह सम्मान बैतूल में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज लाने के उनके सराहनीय प्रयासों के लिए किया गया। वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से बैतूल जिले की जनता को बड़े स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। वर्तमान में गंभीर उपचार के लिए लोगों को बाहर जाना पड़ता है, लेकिन मेडिकल कॉलेज बनने से बेहतर इलाज बैतूल में ही उपलब्ध हो सकेगा और गरीब जरूरतमंद मरीजों को सस्ती दरों पर उपचार मिल सकेगा। मेडिकल कॉलेज खुलने से जिले के युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर सृजित होंगे और उन्हें बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे जिले का समग्र विकास होगा। पाल समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि हेमंत खंडेलवाल ने अपने सतत प्रयासों से इस ऐतिहासिक कार्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में जिला पाल समाज द्वारा उन्हें शाल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष चंदू पाल, सचिव शिव किशोर पाल, सुखदेव पाल, छुट्टन पाल, बुद्ध पाल, नानू मैनपाल, जगदीश पाल, शिवचरण पाल, बैजू पाल, मुन्ना पाल, डॉ संदीप पाल तथा स्क्रिप्ट राइटर दरबारी पाल सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




