जिला आयुष कार्यालय में मासिक समीक्षा बैठक संपन्न ।
समय पर खुलेंगे आयुष संस्थान, आमजन को नियमित स्वास्थ्य सेवा देने के निर्देश।

बैतूल। जिला मुख्यालय पर बुधवार को आयुष विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत वंदेमातरम् गायन से हुई, जिसके बाद विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर ने निर्देश दिए कि सभी आयुष संस्थान समय पर संचालित हों, ताकि आमजन को नियमित और सुचारू स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। जन आरोग्य समिति की कार्यप्रणाली और सक्रियता को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों को मुख्यालय में निवास करने के निर्देश दोहराए गए, जिससे आपात स्थिति में त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में सिकल सेल मरीजों के नियमित फॉलो-अप और सतत निगरानी पर विशेष जोर दिया गया। आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर काउंटडाउन कार्यक्रम, प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता गतिविधियों की रूपरेखा भी तय की गई। साथ ही ओपीडी लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों और कर्मचारियों को आई गॉट कर्मयोगी पोर्टल पर पंजीयन और प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। आरसीएमएस पोर्टल पर भूमि आवंटन प्रक्रियाओं की समीक्षा की गई और सार्थक एप पर नियमित उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद विभाग के कर्मचारी सुनील खातरकर और वीरेसिंह धुर्वे का सेवानिवृत्ति सम्मान किया गया। साथ ही 10 अप्रैल को मनाए जाने वाले विश्व होम्योपैथी दिवस के तहत सेमिनार, कार्यशालाएं और स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




