Crime News : एक वर्ष तक लिव इन में रहने के बाद मारपीट से तंग महिला मायके गई तो नाराज प्रेमी ने चाकू से कर दिया हमला

Crime News : बैतूल। एक वर्ष से लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाली महिला मारपीट से तंग आकर जब अपनी मां के घर रहने लगी तो नाराज प्रेमी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश प्रारंभ कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रानीपुर थाना क्षेत्र में आने वाले ग्राम चिखली आमढाना में गुरुवार दोपहर को घटित हुई। ग्राम में रहने वाली महिला पिछले एक वर्ष से बडोरा निवासी राजकुमार जांगड़े के साथ लिव इन में रह रही थी। इस दौरान राजकुमार उसके साथ आए दिन मारपीट करता रहता था। इससे तंग आकर वह 10- 15 दिन से अपनी मां के पास ग्राम चिखली आमढाना में रह रही थी। इसी बात से नाराज होकर राजकुमार गुरुवार दोपहर में उसके घर पहुंचा और विवाद कर चाकू से महिला पर वार कर भाग गया।
शरीर पर चाेट आने के कारण महिला को 108 एंबुलेंस की मदद से घोड़ाडोंगरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गुरुवार शाम को उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि राजकुमार पहले भी मेरी बेटी के साथ मारपीट कर चुका है। इसकी शिकायत बैतूलबाजार थाने में की गई थी। रानीपुर पुलिस ने राजकुमार के खिलाफ बीएनएस की धारा 118, 351 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश प्रारंभ कर दी है।




