भीषण हादसा: रेलकर्मी को ट्रक ने रौंदा, दो बेटी और भतीजा गंभीर रुप से घायल

BIg Accident Betul : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में रविवार दोपहर में भीषण सड़क हादसा हो गया। रेलकर्मी को ट्रक ने रौंद दिया और स्कूटी पर सवार दो बेटी और भतीजा गंभीर रुप से घायल हो गए।
घटना सारनी थाना क्षेत्र के कालीमाई और राजीव चौक के बीच उस समय हुई जब रेलवे कर्मी जब अपनी दो बेटी और भतीजे को मठारदेव मेला लेकर जा रहे थे । स्कूटी काे ट्रक ने टक्कर मार दी और रेल कर्मी को कुचल दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पाढर अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रेलवे में पाइंट्समेन के पद पर कार्यरत हीरालाल पवार रविवार को दोपहर में अपनी दो बेटियों और भतीजे को स्कूटी पर बिठाकर बाबा मठारदेव मेला सारनी लेकर जा रहे थे। इसी दौरान काली माई और राजीव चौक के बीच ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी सवार चारों लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे और ट्रक का पहिया हीरालाल को कुचलते हुए निकल गया। तीनों बच्चों को सिर और हाथ पैर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
एसडीओपी रोशन जैन ने बताया कि स्टेट हाईवे पर कालीमाई और राजीव चौक तिराहा के बीच हादसा हुआ है। जिसमें स्कूटी चालक हीरालाल पवार की मौत हो गई है। उसकी दो बेटी और भतीजा घायल है जिनका पाढर अस्पताल में उपचार चल रहा है। ट्रक चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।




