Betul news: वरिष्ठ बहाली मंच ने शिक्षकों की सेवा अवधि बहाली की मांग की

आईएफएमआईएस पोर्टल पर तिथि सुधार की मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

Betul News : बैतूल। मध्यप्रदेश के वरिष्ठ बहाली मंच ने आईएफएमआईएस पोर्टल पर दर्ज की गई नई नियुक्ति तिथि के चलते शिक्षकों की पिछली सेवा अवधि के लाभ न मिलने की समस्या को लेकर कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा है। मंच के जिला प्रभारी और राज्य सदस्य गंगा प्रसाद यादव ने इस ज्ञापन में शिक्षकों के लिए सेवा अवधि गणना में सुधार की मांग उठाई है।

गंगा प्रसाद यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश की शिक्षा गारंटी शालाओं के गुरुजियों को उनकी नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता दी जानी चाहिए। वर्ष 2018 में अध्यापक संवर्ग को समाप्त कर उन्हें स्कूल शिक्षा विभाग/जनजातीय कार्य विभाग के तहत नवीन शैक्षणिक संवर्ग में स्थानांतरित किया गया था। 1 जुलाई 2018 से इन शिक्षकों को प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षक के पदों पर नियुक्त किया गया, लेकिन आईएफएमआईएस पोर्टल पर उनकी नियुक्ति तिथि 1 जुलाई 2018 से दर्ज की गई है। इसके कारण उनकी पहले की सेवा अवधि को नए संवर्ग में नहीं माना जा रहा, जिससे सेवानिवृत्त और दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को ग्रेच्युटी और सेवा उपादान का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

ग्रेच्युटी और पेंशन का संकट

मंच ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इन शिक्षकों की सेवा अवधि की गणना उनकी प्रथम नियुक्ति तिथि से की जाए, ताकि उन्हें भी क्रमोन्नति और समयमान वेतनमान का लाभ मिल सके। यादव ने कहा कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो मध्यप्रदेश के सेवानिवृत्त और दिवंगत शिक्षकों के परिवार पेंशन और ग्रेच्युटी से वंचित रह जाएंगे।

इसके साथ ही भविष्य में केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई पेंशन योजनाओं का भी लाभ शिक्षकों को नहीं मिल सकेगा। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो सेवानिवृत्त और दिवंगत शिक्षकों के आश्रित परिवार पेंशन और अन्य वित्तीय लाभों से वंचित रह जाएंगे। ज्ञापन देने वालों में मिट्ठू यादव, प्रवीण नरवरे, मनोहर मालवी, सचिन राय, नरेंद्र कुमार चिलहाटे आदि शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button