Betul news: एसआईएफ संस्था ने वृद्धजनों के साथ मनाया फादर्स डे, पौधारोपण भी किया

बैतूल। पुरुषों के हित में कार्यरत सेव इंडियन फैमिली (एसआईएफ) संस्था ने फादर्स डे के अवसर पर 16 जून, को जामठी स्थित मातोश्री वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के साथ फादर्स डे मनाया। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने वृद्धजनों के साथ समय बिताया, उन्हें भोजन कराया और केक कटिंग से सभी का मन मोह लिया। इसके साथ ही, पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए पौधारोपण भी किया गया।
फादर्स डे पर एसआईएफ बैतूल के प्रमुख सदस्य डॉक्टर संदीप गोहे ने बताया कि यह दिन वृद्धजनों के साथ बिताकर उन्हें खुशी देना और उनके अनुभवों से सीखना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, हमारा उद्देश्य वृद्धजनों को यह एहसास दिलाना है कि वे समाज के महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और हमें उनकी जरूरत है। संस्था के सदस्यों ने वृद्धाश्रम में उपस्थित सभी वृद्धजनों के साथ भोजन का आनंद लिया। इसके बाद फादर्स डे केक कट किया गया, जिसमें सभी वृद्धजनों ने भाग लिया और इस खुशी के पल को साझा किया। इस आयोजन ने वृद्धजनों को अपनेपन का एहसास दिलाया और उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।
पर्यावरण संरक्षण के महत्व को ध्यान में रखते हुए, एसआईएफ बैतूल संस्था ने वृद्धाश्रम परिसर में पौधा रोपण भी किया। डॉक्टर संदीप गोहे ने बताया, पौधारोपण से हम पर्यावरण की रक्षा करने के साथ वृद्धजनों के लिए एक स्वस्थ और सुखद वातावरण भी प्रदान कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में एसआईएफ बैतूल के सदस्य चंद्रप्रकाश झारे, महेश साहू, अरुण राठौर और अजय वारवड़े भी शामिल थे। इन सभी सदस्यों ने मिलकर वृद्धजनों के साथ समय बिताया और उन्हें यह महसूस कराया कि वे अकेले नहीं हैं। सेव इंडियन फैमिली संस्था का यह आयोजन वृद्धजनों के लिए एक यादगार और खुशी भरा पल साबित हुआ। इस कार्यक्रम ने वृद्धजनों को सम्मान और प्यार का एहसास दिलाया, समाज में एक सकारात्मक संदेश भी फैलाया। फादर्स डे के इस खास मौके पर संस्था का यह प्रयास सराहनीय और अन्य संगठनों के लिए प्रेरणादायक बना।




