जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े ने किया शिविर का शुभारंभ, ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ
गेहूंबारसा और रगड़ गांव में आयोजित हुआ मुख्यमंत्री जनकल्याण शिविर

बैतूल। ग्राम पंचायत गेहूं बारसा और ग्राम पंचायत रगड़ गांव में मुख्यमंत्री जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े ने शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को सुना गया और कई हितग्राहियों को योजनाओं के प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को आवास के पट्टे और आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया। जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े ने ग्रामीणों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर समाजसेवी रमेश गव्हाड़े, ग्राम पंचायत गेहूं बारसा के सरपंच फगनू मेश्राम, जनपद सदस्य प्रदीप उइके, गोविंद साहू और ग्राम पंचायत रगड़ गांव के सरपंच प्रवीण कुमरे उपस्थित रहे।
शिविर का संचालन शिविर प्रभारी खपरीया जी ने किया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव और कई गणमान्य लोग शामिल हुए। शिविर में ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई और उनके प्रमाण पत्रों का वितरण कर योजनाओं का लाभ दिया गया। ग्रामीणों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंच रहा है।





