Precious municipal lands are in danger: नगरपालिका की बेशकीमती जमीनें खतरे में, कई प्रोजेक्ट्स लटके

Betul News: बैतूल। बैतूल में नगरपालिका की जमीनें, जो पहले उसके अधिपत्य में हुआ करती थीं, अब धीरे-धीरे कब्जे में आती जा रही हैं। इस कारण नगरपालिका के कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स लंबित हैं। न सिर्फ प्रोजेक्ट्स, बल्कि नगरपालिका के फायर वाहन और कीटनाशक दवाइयों के भंडारण तक के लिए जगह का अभाव है। गंज स्थित प्राथमिक स्कूल की बिल्डिंग को नगरपालिका ने लगभग दस माह पहले डिस्मेंटल कर दिया था, लेकिन आज तक इस जमीन का कोई निर्णय नहीं हो सका। स्थानीय लोगों ने धीरे-धीरे इस जमीन पर कब्जा कर लिया है। इस जमीन पर न तो कोई बोर्ड लगाया गया है और न ही तार फेसिंग की गई है।
गंज में साप्ताहिक बाजार के लिए जमीन नहीं है और बाजार सड़कों पर लगता है। यह जमीन नपा के उपयोग में हो सकती थी, परन्तु ऐसा नहीं हो पाया। कोठीबाजार स्थित सुभाष स्कूल की जमीन पर पहले केंद्रीय विद्यालय का संचालन हुआ करता था, लेकिन विद्यालय के नई बिल्डिंग में स्थानांतरित होने के बाद यह जमीन खाली हो गई। शिक्षा विभाग ने इस जमीन को अपने अधिपत्य में लेकर डीईओ कार्यालय का संचालन शुरू कर दिया है।
नगर परिषद की बैठक में प्रस्ताव, फिर भी अमल नहीं-
नपा की कई जमीनें पहले से ही निर्वाचन विभाग को आवंटित कर दी गई हैं। बाल मंदिर सभाकक्ष की जमीन निर्वाचन विभाग द्वारा ले ली गई थी और अब उस पर निर्वाचन की बिल्डिंग बनाई जा रही है। परिषद की बैठक में नगरपालिका की जमीनों पर निर्णय लेने का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन आज तक इस पर कोई अमल नहीं हो सका।
खतरे में नपा की जमीनों का भविष्य-
इंदिरा प्राथमिक शाला की जमीन भी खाली पड़ी है, लेकिन इसका उपयोग नहीं किया जा रहा है। ऐसे में यह जमीन भी नपा से निकल सकती है। कोठीबाजार स्थित सुभाष स्कूल की जमीन पर शिक्षा विभाग अपना आधिपत्य जमाने की कोशिश कर रहा है, जबकि नगरपालिका यहां अपने वाहनों को रखना चाहती है। गंज क्षेत्र में पुराने प्राथमिक स्कूल की बिल्डिंग को डिस्मेंटल कर दिया गया है, लेकिन तार फेसिंग नहीं की गई है, जिससे यह जमीन भी कब्जे में आ सकती है।
नगर विकास के लिए जमीनों का सही उपयोग जरूरी-
नगरपालिका के सीएमओ, ओमपाल सिंह भदौरिया ने बताया कि सुभाष स्कूल की जमीन पर कार्यालय बनाने का काम 40 प्रतिशत तक पूरा हो चुका था, जब उन्होंने कलेक्टर के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई। गंज स्कूल की जमीन को लेकर जल्द ही परिषद की बैठक में निर्णय लिया जाएगा।




