Counting Of Votes : बैतूल संसदीय सीट से बीजेपी के दुर्गादास उईके 24568 वोट से आगे

बैतूल संसदीय सीट : बैतूल संसदीय सीट पर मतों की गिनती का कार्य चल रहा है। आठ विधानसभा सीट पर अब तक बीजेपी के दुर्गादास उइके 24568 वोट से आगे चल रहे हैं। बीजेपी प्रत्याशी को 59525 वोट और कांग्रेस के रामू टेकाम को 39957 वोट मिले हैं।

संसदीय क्षेत्र की बैतूल जिले में आने वाली पांच विधान सभा सीटों के लिए मतों की गिनती जेएच कालेज में सुबह आठ बजे से शुरू होगी। इसके पूर्व ऑब्जर्वर और प्रत्याशियों, उनके प्रतिनिधियों के समक्ष स्ट्रांग रूम खोला गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि विधानसभा वार अलग-अलग रंग के परिचय पत्र बनाए गए है। मुलताई विधानसभा के लिए काउंटिंग कक्ष क्रमांक 20 एवं 21 में होगी। मुलताई के लिए प्रतिनिधियों के प्रवेश पत्र बैगनी रंग के हैं। आमला विधानसभा क्षेत्र के लिए कक्ष क्रमांक 18 एवं 19 में 21 टेबिल पर गणना होगी। यहां प्रतिनिधियों के प्रवेश पत्र का रंग पीला है। आसमानी रंग बैतूल विधानसभा क्षेत्र के लिए रखा गया है।
बैतूल की गणना कक्ष क्रमांक 6 एवं 7 में होगी। घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के लिए गणना कक्ष 33 एवं 34 में प्रथम तल पर स्थित कक्षों में की जाएगी। यहां प्रतिनिधियों को गुलाबी रंग के प्रवेश पत्र जारी किए हैं। विधानसभा भैंसदेही की गणना कक्ष क्रमांक 31 एवं 32 में 12-12 टेबिलों पर की जा रही है।




