शैलुढाना में अवैध सागौन चिरान जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार।
दक्षिण वनमंडल की सर्च कार्रवाई में अवैध फर्नीचर निर्माण का भंडाफोड़।

बैतूल। होली त्योहार को देखते हुए वन एवं वन्य प्राणियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष सर्च अभियान के तहत वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। दक्षिण वनमण्डल अंतर्गत वन मंडल अधिकारी दक्षिण बैतूल अरिहंत कोचर के निर्देशन तथा उप वनमण्डल अधिकारी आमला देवानंद पाण्डेय के मार्गदर्शन में ताप्ती रेंज के स्टाफ ने खेडी सर्किल के ग्राम शैलुढाना में 1 मार्च को कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से घर में फर्नीचर निर्माण कर रहे तीन आरोपियों बलदेव परते, बसंत धुर्वे एवं गज्जन परते को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से अवैध सागौन चिरान लट्टा 22 नग, कुल 0.322 घन मीटर जब्त किया गया, जिसका बाजार मूल्य लगभग 15 हजार रुपये आंका गया है। मौके से फर्नीचर निर्माण में उपयोग किए जा रहे औजार भी जप्त किए गए। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए पीओआर क्रमांक 884/93 कायम किया गया है।
इस कार्रवाई में रेंज ऑफिसर दयानन्द डेहरिया, ओंकारनाथ मालवीय, परिक्षेत्र सहायक, वन रक्षक कृष्ण कुमार डांडोलिया, कामुलाल इवने, शैलेन्द्र द्विवेदी, प्रवीण गुप्ता, मयूर कावड़कर, अनिता सलामे, सोनू पुंडे एवं सुनील विश्वकर्मा की सक्रिय भूमिका रही।




