Big Breaking News : बैतूल कलेक्टर का बड़ा एक्शन: सात कालोनाईजर पर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज
कालोनी के विकास कार्यों में की गई गंभीर अनियमितता, मूलभूत सुविधाओं को तरसे रहवासी

Big Breaking News : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध कालोनियाें का मकड़जाल फैला हुआ है। इन पर जिम्मेदारों के द्वारा कोई कार्रवाई न करने से अब रहवासी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं।अवैध कालोनियों के संबंध में लगातार शिकायतें मिलने के बाद बैतूल कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के द्वारा कड़ी कार्रवाई कराई जा रही है। इसी क्रम में रविवार को बैतूल जिले के मुलताई थाने में सात कालोनाइजरों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
मुलताई नगरपालिका के सीएमओ आरके इवनाती की शिकायत पर पुलिस ने श्री रामदेव बाबा वारको डेवलपर्स सिटी के भागीदार संजय बजाज , आनंद मोर, विक्रम सिंह दालवाला, अतुल मांगुलकर, राजेश गुप्ता, हरिकिशन चांडक तथा गणेश चांडक पर धारा 420, 120 बी के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
सीएमओ आरके इवनाती द्वारा शिकायत की गई है कि मुलताई में बैतूल रोड पर स्थित आवासीय कालोनी ड्रीमलैंड सिटी मौजा मुलताई खसरा नंबर 3/1 से 3/12 रकबा 10.117 हेक्टेयर कुल रकबा 19.950 हेक्टेयर पर कालोनी विकसित की जा रही है जिसमें कालोनाईजरों द्वारा रहवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नही कराई गई हैं तथा विकास कार्यों में गंभीर अनियमितताएं की गईं। रहवासियों द्वारा कलेक्टर बैतूल से इसकी शिकायत की गई थी। शिकायत पर जांच टीम का गठन किया गया जिसकी रिपोर्ट के बाद सात कालोनाईजरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।




