जेएच कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण पर भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित
एप्को और ईको-क्लब के संयुक्त तत्वाधान में युवाओं ने रखे प्रदूषण निवारण पर विचार

बैतूल। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जयवंती हाक्सर शासकीय महाविद्यालय बैतूल में प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे के निर्देशन में पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को) पर्यावरण विभाग मध्यप्रदेश शासन तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली के संयुक्त तत्वाधान में महाविद्यालय के ईको-क्लब द्वारा भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ईको-क्लब की संयोजक प्रोफेसर अर्चना सोनारे के मार्गदर्शन में दिनांक 21 जनवरी को संपन्न हुआ।
प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाना, उनमें पर्यावरण संबंधी ज्ञान और कौशल का विकास करना तथा पर्यावरण प्रदूषण के निवारण हेतु विभिन्न उपायों को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता का विषय राष्ट्रीय प्रदूषण निवारण में युवाओं की भूमिका रखा गया, जिस पर विद्यार्थियों ने अपने विचार और दृष्टिकोण प्रस्तुत किए।
भाषण प्रतियोगिता में 5 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की, जबकि निबंध लेखन प्रतियोगिता में 17 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में ईको-क्लब से जुड़े सभी प्राध्यापक गण प्रोफेसर संतोष पवार, डॉ. महेन्द्र नांवगे, प्रोफेसर दीपिका साहू, डॉ. राजकुमार चौकीकर, डॉ. पंकज बारस्कर, डॉ. राहुल सिंह ठाकुर एवं सतीश वाडिवा सहित अन्य की सक्रिय उपस्थिति और सहयोग रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का सकारात्मक संदेश दिया गया।





