Scholarship scams: स्कॉलरशिप घोटाले के विरोध में जयस संगठन ने सौंपा ज्ञापन

जिले के अन्य महाविद्यालयों में चल रही गड़बड़ियों की जांच की मांग 

बैतूल। जिले के जयवंती हाक्सर पी.जी. कॉलेज में 1.62 करोड़ छात्रवृत्ति घोटाले का मामला सामने आया है। इस मामले में जयस संगठन के जिलाध्यक्ष संदीप धुर्वे के नेतृत्व में जयस कार्यकर्ताओं एवं छात्राओं ने महामहिम राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा, जिसमें इस गंभीर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। जयस का आरोप है कि इस घोटाले में आदिवासी छात्राओं की छात्रवृत्ति भी फर्जी खातों में ट्रांसफर की गई।

इसके साथ ही जयस ने जिले के भीमपुर, भैंसदेही, शाहपुर, आठनेर, घोड़ाडोंगरी, मुलताई और आमला के शासकीय महाविद्यालयों में लाइब्रेरी के लिए आवंटित राशि और छात्रों को दी जाने वाली स्टेशनरी में पिछले पांच वर्षों से चल रही गड़बड़ियों की जांच की मांग की है।

जयस ने ज्ञापन में बताया कि गांव की बेटी योजना और प्रतिभा किरण योजना के तहत सरकारी राशि का गबन कर फर्जी खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए। आरोप है कि 347 छात्राओं के हिस्से की 17.35 लाख रुपये की राशि 95 फर्जी खातों में डाली गई। इससे पहले भी की बेटी योजना में 1.44 करोड़ रुपये का गबन उजागर हो चुका है, जिसमें कुल 3,240 बार अलग-अलग खातों में धनराशि ट्रांसफर की गई। इस घोटाले में कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. राकेश तिवारी, डॉ. विजेता चौबे और वर्तमान प्राचार्य की बड़ी लापरवाही सामने आई है। आरोप है कि उनके कार्यकाल में योजनाओं की 1 करोड़ 62 लाख 50 हजार रुपये की राशि का गबन हुआ। जयस ने दोषियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

— 3 वर्ष से अधिक समय से जमे कर्मचारियों के ट्रांसफर की मांग–

जयस ने मांग की है कि महाविद्यालय में तीन वर्ष से अधिक सेवा दे चुके कर्मचारियों का तत्काल स्थानांतरण किया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में संदीप धुर्वे जयस जिलाध्यक्ष, राजा धुर्वे जयस जिला संरक्षक, महेश शाह उइके जयस जिला प्रभारी, ऋतिक परते जयस जिला उपाध्यक्ष, सुनील कारोचे जयस कार्यवाहक अध्यक्ष, डोमासिंग कुमरे जयस जिला प्रवक्ता, सौरभ सलामे जयस मिडिया प्रभारी, मनीष परते बैतूल ब्लॉक उपाध्यक्ष, दीपक आहाके घोड़ाडोंगरी ब्लॉक अध्यक्ष, सुनील उइके (आमला जयस ब्लॉक उपाध्यक्ष, राजू उइके नगर अध्यक्ष, निलेश धुर्वे छात्र संघ जिला उपाध्यक्ष, शैलेंद्र धुर्वे, अजय पंद्राम, पप्पू काकोडिया, अजय धुर्वे, विशाल धुर्वे, पतिराम उइके, सोनू धुर्वे, विकास उइके, संदीप काकोडिया और विजय मर्सकोले सहित प्रथम वर्ष की छात्राएं प्रियंका, सोनम, कविता, शकुन, छोटी बाई, सुशीला, नीलम, ज्योति समेत कई अन्य छात्राएं शामिल थीं। जयस ने स्पष्ट किया कि यदि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button