दर्दनाक हादसा : पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर,महिला की मौत, दो घायल

ACCIDENT NEWS TODAY : बैतूल। जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम प्रभु ढाना के पास पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए वहीं महिला की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल एक युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हेमराज विश्वकर्मा उम्र 45 वर्ष और गणेश विश्वकर्मा उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम धामन्या तहसील भीमपुर गुरुवार को बाइक से नानी बाई विश्वकर्मा उम्र 60 वर्ष को इलाज के लिए बैतूल लेकर आए थे। इलाज कराने के बाद दोपहर में वापस अपने घर धामन्या वापस जा रहे थे। दोपहर 2 बजे के आसपास प्रभु ढाना के पास अंधी रफ्तार से आ रही पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें बाइक पर सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। इससे नानी बाई विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
हेमराज विश्वकर्मा और गणेश विश्वकर्मा को गंभीर चोट आने पर 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया है । मृतिका का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाइक के सामने आया बछड़ा, दो घायल
बैतूल जिले के अंतर्गत आने वाले मन्नढाना के पास चलती बाइक के सामने अचानक रोड पर गाय का बछड़ा आ गया। जिसको बचाने के चलते बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। जिससे बाइक सवार आठ वर्षीय बालिका और एक युवक गंभीर रूप से घायल हुए है। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अल्केश धुर्वे उम्र 26 वर्ष और इशिता पदम उम्र 8 वर्ष निवासी साईंखंडारा थाना साईंखेड़ा बुधवार रात जुनापानी अपने परिजनों के यहां मिलने के लिए आए हुए थे और वापस अपने घर साईंखंडारा जा रहे थे। रास्ते में मन्नढाना के पास रोड पर चलती बाइक के सामने अचानक गाय का बछड़ा आ गया। जिसमें बाइक चालक अचानक घबरा गया और बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। जिसमें बाइक पर सवार 8 वर्षीय बालिका और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर डायल 100 मौके पर पहुंची और दोनों को देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।




