Complaint to the collector: सरपंच पति बार-बार कर रहा रास्ता बंद, कलेक्टर से शिकायत
ग्राम पंचायत लाखापुर में रास्ते पर कब्जा, कार्रवाई की मांग

बैतूल। ग्राम पंचायत लाखापुर में सरपंच पति के खिलाफ मुख्य रास्ते को बार-बार अवरुद्ध करने का मामला सामने आया है। इसको लेकर ग्रामीण संजय यादव ने जनसुनवाई में कलेक्टर से शिकायत की है और रास्ता खुलवाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि यह रास्ता पिछले 20 वर्षों से आवागमन के लिए खुला था, लेकिन सरपंच पति दिलीप यादव द्वारा बार-बार इसे जबरन रोक दिया जाता है। बताया गया कि दिलीप यादव अपने घर के पास वाले इस रास्ते पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर देते हैं, जिससे आने-जाने में दिक्कत होती है।
संजय यादव का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब रास्ता रोका गया हो। इससे पहले भी कई बार पुलिस को सूचना देकर रास्ता खुलवाया गया, लेकिन पुलिस के जाने के बाद दिलीप यादव फिर से रास्ता बंद कर देता हैं। अगर कोई इसका विरोध करता है तो दबाव बनाया जाता है।
– कलेक्टर से सख्त कार्रवाई की मांग
संजय यादव ने कलेक्टर से निवेदन किया है कि रास्ते को तुरंत खुलवाया जाए और भविष्य में इसे कभी भी अवरुद्ध न करने की सख्त हिदायत दी जाए। उन्होंने यह भी मांग की है कि प्रशासन इस मामले में सख्त कार्रवाई करे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों और ग्रामीणों को किसी तरह की परेशानी न हो।




