फॉरेस्ट फायर पोर्टल पर दर्ज हुए ग्रामीणों के मोबाइल नंबर, अब एसएमएस से मिलेगी आगजनी की सूचना…
मोहदा वन परिक्षेत्र में अग्नि सुरक्षा अलर्ट, छह गांवों की हुई संयुक्त बैठक । प्रधान मुख्य वन संरक्षक के मार्गदर्शन में जंगल बचाने की मुहिम तेज...


बैतूल। आगामी फायर सीजन से पहले मोहदा वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि जंगलों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जंगल रहेगा तो हम रहेंगे के संकल्प के साथ ग्राम पिपरिया स्थित वन चौकी में आयोजित अग्नि सुरक्षा जागरूकता बैठक में ग्रामीणों को साफ चेतावनी दी गई कि जंगल में आग लगाना, महुआ पेड़ों के नीचे आग जलाना, खेतों में नरवाई जलाना और अतिक्रमण का प्रयास करना दंडनीय होगा। साथ ही आग बुझाने और वन विभाग को तत्काल सूचना देने की जिम्मेदारी भी ग्रामीणों को समझाई गई।
बैठक प्रधान मुख्य वन संरक्षक मधु वी. राज के मार्गदर्शन तथा वनमंडल अधिकारी पश्चिम बैतूल एल.के. वासनिक के सानिध्य में आयोजित की गई। उपवनमंडल अधिकारी तावड़ी जितेंद्र अवासे और परिक्षेत्र अधिकारी मोहदा रवीन्द्र पाटीदार ने ग्राम पिपरिया, जीरूढाना, बटकी, गुरूवा, पडार और कासमारखण्डी के लोगों की संयुक्त बैठक लेकर फायर सीजन की तैयारियों पर विस्तार से जानकारी दी और जनसहभागिता को अनिवार्य बताया।
बैठक में वन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, अजाबसिंह चौहान सरपंच पिपरिया, झूमकलाल बारस्कर सरपंच काबरा, सुनीता पांसे सरपंच कासमारखण्डी, बुधिया बारस्कर सरपंच गुरूवा, बब्बू सोनी रतनपूर मंडल अध्यक्ष, बब्बू सिंह पदम जनपद सदस्य सहित अन्य वनकर्मी उपस्थित रहे।
वन विभाग ने उपस्थित सभी लोगों के मोबाइल नंबर फॉरेस्ट फायर पोर्टल पर दर्ज किए, ताकि जंगल में कहीं भी आग लगने की स्थिति में संबंधित क्षेत्र के लोगों को तत्काल एसएमएस अलर्ट प्राप्त हो सके और समय रहते आग पर काबू पाया जा सके। विभाग ने दो टूक कहा कि जंगल की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है और इस बार फायर सीजन में किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




