युवक-युवती परिचय सम्मेलन के लिए अब तक 130 पंजीयन।
पंचशील बौद्ध विहार में बैठक आज, अप्रैल में आयोजन पर होगा फैसला । 25 मार्च तक बायोडाटा आमंत्रित।

बैतूल। प्रज्ञा जीवन साथी के तत्वावधान में आयोजित होने वाले युवक-युवती परिचय सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। संयोजक रामदास पाटिल ने बताया कि अब तक ऑनलाइन माध्यम से 130 युवक-युवतियों का पंजीयन हो चुका है, जबकि 250 से 300 पंजीयन का लक्ष्य रखा गया है। सम्मेलन के लिए 25 मार्च तक बायोडाटा आमंत्रित किए गए हैं, जिनमें से करीब 70 प्रतिशत प्राप्त हो चुके हैं।
सम्मेलन की तारीख और स्थान तय करने के लिए आज 24 मार्च को पंचशील बौद्ध विहार, सदर में शाम 4 बजे बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में जिले के सामाजिक बंधु एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जहां अप्रैल में प्रस्तावित सम्मेलन, कार्यक्रम की रूपरेखा, बजट और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
पाटिल ने बताया कि सम्मेलन में युवाओं के बीच परिचय बढ़ाने, सामाजिक सहयोग को मजबूत करने, समाज के विकास में युवाओं की भूमिका और सामाजिक मुद्दों पर विचार-विमर्श के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
सम्मेलन के लिए प्रदेश सहित भोपाल, होशंगाबाद, इटारसी, हरदा, जुन्नारदेव, छिंदवाड़ा, नागपुर, अहमदाबाद, राजस्थान, गुजरात, मुंबई, दिल्ली, सारणी, आमला, बैतूल, भीमपुर, दमोह सहित अन्य क्षेत्रों से भी पंजीयन प्राप्त हुए हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धनराव चंदेलकर, नत्थूलाल मांडवे, करणलाल चंदेलकर, संदीप मानकर, श्रीमती संध्या पाटिल, गीता नागले, आशा मांडवे, अमृतलाल चौकीकर, डॉ. मनोज वरवड़े सहित अन्य लोगों ने बैठक में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सहयोग देने और शीघ्र पंजीयन कराने की अपील की है।




