Shiv Baraat 26 February 2025: शिव बारात की तैयारी शुरू, समिति ने बैठक में बनाई रूपरेखा
बैठक में तय हुआ शिव बारात का मार्ग, सात दिन विशेष श्रृंगार, शिव संध्या और भव्य आयोजन की योजना

बैतूल। थाना महाकाल चौक स्थित महाकाल मंदिर कोठी बाजार में शिव बारात 26 फरवरी 2025 की पहली बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का आयोजन श्री शंभू भोले सेवा उत्सव समिति, थाना महाकाल चौक, बैतूल द्वारा किया गया। यह शिव बारात आयोजन का छठा वर्ष है।
आयोजन समिति ने बताया कि शिव बारात 2025 के सफल आयोजन के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। बारात में अनुशासन बनाए रखने के साथ-साथ महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। यात्रा मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। शिव बारात के साथ एक आपातकालीन चिकित्सा वैन भी मौजूद रहेगी ताकि किसी आकस्मिक दुर्घटना की स्थिति में तुरंत उपचार उपलब्ध हो सके।
बैठक में यह भी तय किया गया कि शिवरात्रि के सातों दिन महाकाल मंदिर में भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। शिव बारात के एक दिन पूर्व शिव संध्या का आयोजन होगा। शिव बारात मार्ग पर चलित प्रसादी वितरण की व्यवस्था की जाएगी। आयोजन को भव्य बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर फ्लेक्स लगाए जाएंगे। आर्थिक व्यवस्था के लिए जनसहयोग लिया जाएगा।
बैठक में समिति के सदस्यों सहित अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे। इनमें संदीप कौशिक, निक्की राजपूत, हितेश पवार, बिट्टू ठाकुर, बंटी आरसे, विशाल मालवी, बिट्टू देशमुख, आयुष झा, सागर महाराज, गज्जू दत्ता, संकेत राजपूत और अमन सोनकपुरिया शामिल थे। शिव बारात 2025 को यादगार बनाने के लिए समिति ने पूरी तैयारी के साथ कार्य योजना तैयार की है। आयोजन समिति ने सभी भक्तों से सहयोग की अपील की है।




