Comma workshop organized in Chicholi: अल्पविराम सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम: रामगोपाल रजक

All participants received a feast and certificates

बैतूल। चिचोली विकासखंड में 13 दिसंबर को जनपद पंचायत के सभागृह में एक दिवसीय अल्पविराम परिचय कार्यशाला का आयोजन किया गया। राज्य आनंद संस्थान के निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला में विभिन्न शासकीय विभागों के 55 कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वधर्म प्रार्थना के साथ हुआ, जिसमें मुख्य कार्यपालन अधिकारी रामगोपाल रजक, जिला संपर्क व्यक्ति महेश गुंजेले, मास्टर ट्रेनर रेखा कापसे और सभी प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी रामगोपाल रजक ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य आनंद संस्थान की पहल पर आयोजित यह कार्यशाला सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से लोग बेहतर संवाद स्थापित करना सीखते हैं और सामूहिक रूप से समाज में खुशहाली लाने में योगदान करते हैं।

जिला संपर्क व्यक्ति महेश गुंजेले ने आनंद की ओर विषय पर चर्चा करते हुए प्रतिभागियों की प्रतिक्रियाएं लीं और उन्हें राज्य आनंद संस्थान की गतिविधियों से परिचित कराया। मास्टर ट्रेनर रेखा कापसे ने चिंता का दायरा विषय पर चर्चा की और प्रतिभागियों को अपने अनुभव साझा करने का अवसर दिया। महेश गुंजेले ने जीवन का लेखा-जोखा विषय पर चर्चा की, जिसमें प्रतिभागियों ने आत्मचिंतन करते हुए अपनी जिंदगी के अनुभव साझा किए। उन्होंने सवाल किए जैसे- बचपन से लेकर अब तक किसने मदद की, किससे दुख मिला, और किसे दुख पहुंचाया। मास्टर ट्रेनर रेखा कापसे ने हमारे रिश्ते सत्र में रिश्तों के महत्व पर बात की और प्रतिभागियों को आत्मचिंतन के माध्यम से जीवन को सकारात्मक दिशा देने की प्रेरणा दी।

जनपद पंचायत चिचोली द्वारा सभी प्रतिभागियों को आनंद भोज कराया गया। कार्यशाला में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

कार्यशाला के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रतिभागियों ने फीडबैक में कहा कि यह कार्यशाला सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक है। कार्यक्रम को सफल बनाने में जनपद पंचायत चिचोली के अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button