मध्यप्रदेश के वरिष्ठ नागरिक सीनियर सिटीजन कार्ड से वंचित।
ऑनलाइन पोर्टल पर राज्य का नाम नहीं, आवेदन अटके।

बैतूल। वरिष्ठ नागरिकों को सीनियर सिटीजन कार्ड नहीं मिलने का मामला अब प्रदेश स्तर तक पहुंच गया है। जिले के वरिष्ठ पत्रकार रामकिशोर पंवार ने इस संबंध में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल से मुलाकात कर बताया कि केंद्र सरकार के ऑनलाइन पोर्टल पर सीनियर सिटीजन कार्ड के लिए आवेदन करते समय राज्यों की सूची में मध्यप्रदेश का नाम ही प्रदर्शित नहीं हो रहा है। इससे प्रदेश के वरिष्ठ नागरिक ऑनलाइन आवेदन करने से वंचित हैं।
पंवार ने बताया कि देश के अधिकांश राज्यों में वरिष्ठ नागरिकों को यह सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध है, लेकिन मध्यप्रदेश के बुजुर्ग इस तकनीकी खामी के कारण योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे वरिष्ठ नागरिकों की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं तक पहुंच प्रभावित हो रही है।
उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि तत्काल पोर्टल में सुधार कर मध्यप्रदेश का नाम जोड़ा जाए, ताकि राज्य के वरिष्ठ नागरिक भी सीनियर सिटीजन कार्ड बनवाकर सुविधाओं का लाभ उठा सकें। पंवार ने कहा कि जब अन्य सभी राज्यों के नाम पोर्टल पर उपलब्ध हैं तो मध्यप्रदेश को इससे वंचित रखना उचित नहीं है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री से चर्चा कर जल्द समाधान कराने का भरोसा दिलाया है।




