बैतूल में जरूरी सेवाओं पर 24×7 अलर्ट
कर्मचारियों को मुख्यालय पर रहना अनिवार्य। मोबाइल हर समय ऑन रखने के निर्देश, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई। जल, सफाई और प्रकाश व्यवस्था से जुड़े अमले को अलर्ट मोड में रखा गया। शाखाओं की फाइलें 72 घंटे में निपटाना अनिवार्य। सीएमओ नवनीत पाण्डेय ने जारी किए सख्त निर्देश

बैतूल। नगर पालिका परिषद बैतूल के मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय ने आदेश जारी कर नगर पालिका अधिनियम में शामिल अतिआवश्यक सेवाओं से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुसार जल प्रदाय, सफाई व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था से जुड़े सभी कर्मचारी मुख्यालय पर उपस्थित रहेंगे और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेंगे।
सीएमओ ने सभी संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को अपना मोबाइल फोन हर समय चालू रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संपर्क किया जा सके। साथ ही सभी शाखाओं से संबंधित फाइलों का निराकरण अवकाश दिवसों को छोड़कर अधिकतम 72 घंटे के भीतर करना अनिवार्य किया गया है। जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि निर्देशों की अवहेलना करने पर संबंधित के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।




