विश्व पर्यावरण दिवस पर अर्जुन वार्ड क्रीड़ा परिसर में हुआ पौधारोपण।
एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत लगाए गए विभिन्न प्रजातियों के पौधे । केंद्रीय मंत्री उईके, विधायक पंडाग्रे और मोहन नागर ने किया पौधारोपण।

बैतूल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अर्जुन वार्ड स्थित क्रीड़ा परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र का विस्तार तथा नागरिकों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री दुर्गादास उईके, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष एवं पर्यावरणविद् मोहन नागर तथा आमला विधायक योगेश पंडाग्रे की उपस्थिति में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया।

इस अवसर पर सीएमओ नवनीत पांडे, विकास मिश्रा, पार्षद नरेंद्र हरसुले, ममता मालवी, सामाजिक कार्यकर्ता रश्मि साहू सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक नागरिक द्वारा किया गया पौधारोपण और उसका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




