Organized a workshop for Principals: संयुक्त संचालक ने दिए शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के सुझाव

शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के लिए प्राचार्यों की कार्यशाला आयोजित

बैतूल के प्राचार्यों को त्रैमासिक और अर्धवार्षिक परीक्षा परिणाम के गहन विश्लेषण के निर्देश

बैतूल। जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार और बेहतर परीक्षा परिणाम प्राप्त करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए शुक्रवार को म.ल.बा. शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सभा कक्ष में प्राचार्यों और संस्था प्रमुखों की कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला की अध्यक्षता नर्मदापुरम संभाग की संयुक्त संचालक लोक शिक्षण श्रीमती भावना दुबे ने की।

इस कार्यशाला में बैतूल जिले के विकासखंड आमला, बैतूल, मुलताई, और प्रभातपट्टन स्थित शासकीय हाई स्कूल, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास, मॉडल स्कूल के प्राचार्य और प्रभारी प्राचार्य उपस्थित रहे।

श्रीमती भावना दुबे ने प्राचार्यों को निर्देशित किया कि परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का अवलोकन विषय शिक्षकों के साथ अनिवार्य रूप से किया जाए और परीक्षा परिणामों में किसी भी प्रकार की अप्रत्याशित कमी या वृद्धि पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षक और छात्रों को भयमुक्त वातावरण में कार्य करना चाहिए और गंभीर प्रयासों से निश्चित रूप से लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए बच्चों की नियमित उपस्थिति, अध्ययन-अध्यापन पर जोर, अभ्यास, बच्चों के छोटे-छोटे समूह बनाना और शिक्षकों को इन समूहों की जिम्मेदारी सौंपने जैसे सुझाव दिए।

कार्यशाला में संभागीय उपसंचालक श्रीमती ज्योति प्रहलादी और एकेडमिक नोडल अधिकारी श्री जसवंत सिंह चौधरी ने प्राचार्यों के साथ चर्चा कर उनकी शालाओं में अपनाई जा रही रणनीतियों की जानकारी ली। जिला शिक्षा अधिकारी डॉक्टर अनिल सिंह कुशवाहा ने छात्रों के शैक्षणिक स्तर के अनुसार अध्यापन किए जाने पर जोर दिया।

श्रीमती भावना दुबे ने प्राचार्यों से कहा कि वे विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ मिलकर परीक्षा परिणाम का लक्ष्य निर्धारित करें और उसका नियमित अवलोकन करें। इससे छात्रों और शिक्षकों में प्रेरणा बढ़ेगी और परिणामों में सुधार होगा। कार्यशाला में अनुपस्थित रहने वाले प्राचार्यों और बिना अनुमति के प्रतिनिधि भेजने वालों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कार्यशाला के दौरान सहायक संचालक भूपेंद्र वरकडे ने विभागीय योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए संयुक्त संचालक महोदया को आश्वस्त किया कि बैतूल जिला कार्यालय परीक्षा परिणाम में कम से कम 10 प्रतिशत की वृद्धि के लिए प्रयासरत रहेगा। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी एन.के. प्रहलादी, महेंद्र प्रजापति, सक्षम बारमाते, आई.के. मालवीय, वरिष्ठ प्राचार्य और प्रभारी प्राचार्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button