आगजनी पीड़ितों तक पहुंची राहत सामग्री।
जिला प्रशासन और समाजसेवी संगठनों ने दिखाई तत्परता ।

बैतूल। भैंसदेही तहसील के भीमपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रम्भा के ग्राम रिंग ढाना में गत रात्रि हुई भीषण आगजनी से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए जिला प्रशासन और समाजसेवी संगठनों ने तत्परता दिखाई। आगजनी की घटना से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए राशन किट, कंबल, चादर एवं त्रिपाल सहित आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया।
ग्रामीणों की उपस्थिति में आयोजित राहत वितरण कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी अजीत कुमार मरावी के नेतृत्व में पीड़ित परिवारों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। प्रशासन की ओर से यह प्रयास प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने और उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया।
राहत वितरण के दौरान जिला आपूर्ति अधिकारी के.के. टेकाम, जिला प्रबंधक डीएम नान विख्यात हिंडोलकर, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आशीष कुमरे, विश्वकर्मा समाज समिति के जिला प्रमुख बलवीर मालवी, ग्राम पंचायत रम्भा की सरपंच गुजी बाई बारस्कर तथा जनपद भीमपुर के सीओ राज सिंह चौहान उपस्थित रहे। सभी ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने राहत कार्यों में सहयोग करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। प्रशासन एवं समाजसेवियों द्वारा उपलब्ध कराई गई राहत सामग्री से आगजनी पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत मिली है।




