राशन दुकान सेल्समेन पर दबंगई और मारपीट के आरोप।
महिला ने कलेक्टर से की शिकायत, पद से हटाने की मांग।

बैतूल। चिचोली थाना क्षेत्र के ग्राम चिरापाटला में शासकीय राशन दुकान के सेल्समेन पर दबंगई और मारपीट के गंभीर आरोप सामने आए हैं। आवेदिका संगीता बाई सूर्यवंशी ने जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार राशन दुकान के सेल्समेन धीरेन्द्र आर्य लंबे समय से ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। आरोप है कि उनका बेटा भावेश उर्फ मोन्टी आर्य भी दुकान का संचालन करता है और लोगों से दुर्व्यवहार करता है। संगीता बाई ने बताया कि कुछ दिन पहले दोनों ने उनके पति दिनेश सूर्यवंशी की चाय और किराना दुकान पर मारपीट की। बीच-बचाव करने पर उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उन्हें धमकी दी है कि राशन लेने सोसायटी आने पर जान से खत्म कर देगा। इस मामले की शिकायत चिचोली थाने में की गई है, जहां एफआईआर दर्ज होने की जानकारी दी गई है। संगीता बाई ने कलेक्टर से मांग की है कि आरोपी सेल्समेन को तत्काल पद से हटाया जाए, ताकि ग्रामीणों को उसकी मनमानी और दबंगई से राहत मिल सके।




