Railway News : मध्य रेलवे सौर उर्जा से 2.59 करोड़ रुपये का मुनाफा कमा रहा
मध्य रेल नागपुर मंडल द्वारा सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहा

Railway News : भारत सरकार सन 2030 तक अपने सकल घरेलू उत्पाद की उत्सर्जन तीव्रता को 45 प्रतिशत तक कम करने के लिए प्रतिबद्ध है , इस दिशा मे नागपुर मंडल मध्य रेल ने उल्लेखनीय कार्य किया है। नागपुर मंडल ने हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सोलर विद्युत जनरेशन के क्षेत्र मे उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है । इस दिशा में 18.01.24 को अजनी MELPL में एक मेगा वाट के सोलर संयंत्र की स्थापना और विधिवत परीक्षण कर लिया गया है । यह पूर्णतः पावर परचेस अग्रीमन्ट मोडेल पर आधारित है जो की आगामी पच्चीस वर्षों तक सतत सेवा देगा ।
मंडल द्वारा वित्तीय वर्ष 2023- 24 में अपने लक्ष्य के अनुरूप 1.148 MWp की क्षमता विकसित की गई है , इससे नागपुर मंडल की कुल सोलर पावर जनरेशन की क्षमता 1.183 MWp हो गई है। नागपूर मंडल मे अजनी के अलावा नागपूर , वरोरा , मुल्ताई , घोड़ाडोंगरी , जोलखेड़ा , धाराखोह , मरामझिरी , ताकू , बरबतपुर , बूटीबोरी , डोडरामोहर, पोलपत्थर , धामनगांव और चान्दूर जैसे दूरवर्ती रेल्वे स्टेशन पर भी सोलर संयंत्र की स्थापना की गई है। ये सभी सोलर संयंत्र कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त लगभग 210 KW क्षमता के 23 रुफ टॉप सोलर संयंत्र अन्य स्टेशनो पर लगाए जाने का कार्य प्रगति पर है जिसको मार्च के अंत तक पूरा हो जाने की संभावना है ।
वर्तमान मे सोलर जनरेशन से मंडल को प्रतिवर्ष लगभग सत्रह लाख सत्ताईस हजार यूनिट विद्युत ऊर्जा की बचत होगी जिससे लगभग दो करोड़ उनसठ लाख रुपये प्रति वर्ष अनुमानित मुनाफा होने की संभावना है । इससे प्रतिवर्ष 730 ton कार्बन डाइआक्साइड के उत्सर्जन में भी कमी आएगी तथा लगभग 33, 183 पेड़ों की भरपाई हो सकेगी।

इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2024-25 में भी नागपूर मंडल को अगले चरण में 1.5 MW सोलर संयंत्र लगाने का लक्ष्य मिला है , और इस दिशा मे भी तेजी से कार्य किया जा रहा है । मध्य रेल के प्रधान मुख्य बिजली इंजीनियर नरेश पाल सिंग एवं मुख्य विद्युत सेवा इंजीनियर नीलम चंद्रा के निर्देशनुसार नागपूर मंडल रेल प्रबंधक तुषार कान्त पाण्डेय के मार्गदर्शन में वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) महेश कुमार के सतत प्रयास से विद्युत सामान्य विभाग नागपूर द्वारा यह उपलब्धि हासिल की गई है।



