Preparations underway for protests across the state: श्रमिकों को न्याय दिलाने में नाकाम भाजपा सरकार, सीटू का आरोप
प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन की तैयारी

बैतूल। सीटू जिला समन्वय समिति की बैठक 26 दिसंबर को पाल भवन में आयोजित की गई, जहां सीटू के प्रदेश महासचिव कामरेड प्रमोद प्रधान ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर श्रमिकों, दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 3 दिसंबर 2024 को इंदौर हाईकोर्ट द्वारा स्टे खारिज किए जाने के बाद भी सरकार न्यूनतम वेतन संशोधन को लागू नहीं कर रही है, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि यह सरकार मेहनतकशों की विरोधी है।
कामरेड प्रमोद प्रधान ने बताया कि न्यूनतम वेतन पुनरीक्षण 2014 और 2019 में होना था, जिसे भाजपा सरकार ने टाल दिया। इसके विरोध में सीटू यूनियन ने 8 जनवरी 2020, 26 नवंबर 2020, और 28-29 मार्च 2022 को औद्योगिक हड़तालें कीं और हजारों हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन मुख्यमंत्री और श्रमायुक्त को सौंपे। इन आंदोलनों के दबाव में सरकार ने 6 अक्टूबर 2023 को न्यूनतम वेतन पुनरीक्षण की सूचना राजपत्र में प्रकाशित की और इसे लागू किया। हालांकि, चुनावी लाभ के लिए यह केवल एक दिखावा था।
2024 में लोकसभा चुनाव के दौरान सरकार ने हाईकोर्ट इंदौर खंडपीठ से स्टे लेकर मजदूरों का एक माह का बढ़ा हुआ वेतन भी वापस ले लिया। हाईकोर्ट के 3 दिसंबर 2024 को स्टे खारिज करने के बावजूद सरकार 29 दिनों से इसे लागू नहीं कर रही है।
बैठक में सीटू यूनियन के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कामरेड कुंदन राजपाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने पूंजीपतियों और कारखाना मालिकों से मिलीभगत कर श्रमिकों के अधिकारों पर कुठाराघात किया है। मजदूर संघ पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह संघ केवल भाजपा सरकार को सत्ता सुख दिलाने का काम करता है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे बहकावे में न आएं और अपनी एकता बनाए रखें। बैठक में निर्णय लिया गया कि पूरे प्रदेश में 31 दिसंबर और 1 जनवरी को विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।
बैठक में सीटू जिला संयोजक कामरेड डी.के. दत्ता, डब्ल्यूसीएल सीटू यूनियन के अध्यक्ष कामरेड जगदीश डिगरसे, एमआर यूनियन सीटू के सचिव कामरेड पंकज साहू, ऑटो चालक एकता यूनियन सीटू के जिला अध्यक्ष मनोहर आठनकर, कार्यकारिणी अध्यक्ष अमित तिवारी, कोषाध्यक्ष मोहम्मद रफीक, उपाध्यक्ष रसीद खान, संजीव आठनकर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका एकता यूनियन सीटू की जिला अध्यक्ष कामरेड सुनीता राजपाल, महासचिव पुष्पा वाईकर, कोषाध्यक्ष संगीता कनाठे, सचिव गीता मालवी, उपाध्यक्ष आशा सुरजे सहित कामरेड श्रवण चिकाने, कामरेड रामान्ना, कामरेड गणेश गुजरे और कामरेड विवेकानंद उपस्थित थे।




