PM in Betul : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आखिर किसे कहा मूर्खाें का सरदार

देखें वीडियो....बैतूल जिले के साकादेही में चुनावी सभा में कांग्रेस पर जमकर बरसे प्रधानमंत्री

PM Modi News : बैतूल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी ने मंगलवार को बैतूल जिले के साकादेही में बिना नाम लिए संकेतों में राहुल गांधी को मूर्खों का सरदार बता दिया।उन्होंने कहा कि कांग्रेस का पंजा केवल छीनना जानता है। हमारे पास सूचना आ रही है कि कांग्रेस ने हार मान ली है। उन्होंने कहा कि मैने सुना कल कांग्रेस के महाज्ञानी कह रहे थे कि देश में सबके पास मेड इन चाइना मोबाइल होता है। अरे मूर्खाें के सरदार, किस दुनिया में रहते हो। कांग्रेस के नेताओं को अपने देश की उपलब्धियां न देखने की मानसिक बीमारी हो गई है। पता नहीं विदेश के वो कौन से चश्मे पहने हैं कि उन्हें देश की स्थिति ही नही दिखती है।

आज पूरी दुनिया में भारत दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता है। जब कांग्रेस केंद्र में भी तब 20 हजार करोड़ से कम के मोबाइल बनते थे, आज देश में साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये के मोबाइल बनाए जा रहे हैं। एक लाख करोड़ के मोबाइल तो भारत दूसरे देश कkे निर्यात करता है। चुनाव के समय जिन्हें मेक इन इंडिया की याद आती है वे कांग्रेसी स्वदेशी के महत्व का नहीं समझ रहे हैं। आज तक कभी कांग्रेसियों ने लोकल फार वोकल के बारे में बात तक नहीं की, क्या इनकी विदेशियों से सांठ-गांठ है कि विदेश का ही सामान लाना चाहिए।आत्मनिर्भर भारत हर भारतीय का संकल्प बना है।

कांग्रेस का पंजा छीनना-लूटना जानता है:

प्रधानमंत्री ने जनता से कहा कि कांग्रेस का पंजा छीनना जानता है, लूटना जानता है। आपका तो अनुभव है जहां-जहां कांग्रेस आई, तबाही लाई। जैसे-जैसे 17 नवंबर की तारीख नजदीक आ रही है। वैसे-वैसे कांग्रेस नेताओं के दावों की पोल खुलती जा रही है। पूरे मध्यप्रदेश से खबर मिल रही है कि कांग्रेस ने हार मानकर खुद को भाग्य भरोसे छोड़ दिया है। अब साधु महात्माओं के पास डोरे-धागे के लिए जा रहे हैं, कुछ नसीब खुल जाएं। कांग्रेस ने मान लिया है कि मोदी की गारंटी के सामने कांग्रेस के झूठे वायदे एक पल भी टिक नहीं सकते हैं।मोदी की गारंटी का मतलब क्या होता है यह पूरी दुनिया भी मानती है।मोदी की गारंटी मतलब गारंटी पूरा होने की भी गारंटी।

हम हर वादा डंके की चोट पर पूरा करते हैं:

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस वाले छत पर चढकर चिल्ला रहे थे कि जम्मू-कश्मीर से कभी भी आर्टिकल 370 नहीं हटेगा, तीन तलाक के खिलाफ कानून तो बन ही नहीं सकता। कांग्रेस वाले हमसे राम मंदिर की तारीख पूछा करते थे। करतारपुर कारीडोर के लिए भी सवाल करते थे। इन्हें नहीं पता मोदी किस मिट्टी का बना है। ये मोदी नर्मदा का पानी पीकर बड़ा हुआ है।हम जो कहते हैं, करके दिखाते हैं। हर वादा डंके की चोट पर पूरा करते हैं। कांग्रेस ने दशकों तक आदिवासी समाज के वोट बटोरे, झूठ बोलकर वोट पाए लेकिन सड़क, बिजली, पानी, स्कूल, अस्पताल ऐसी सुविधाओं से आदिवासियों को कांग्रेस ने हमेशा वंचित रखा है। कांग्रेस जो वायदा करती है कभी पूरा नहीं करती है। पिछली बार कर्ज माफी का वायदा सरकार बनने के डेढ़ साल बाद भी पूरा नही कर पाए लूटने में ही लगे रहे।भाजपा जितना वायदा करती है उससे अधिक करने का प्रयास करती है।

हमने कहीं नहीं लिखा कि आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति बनाएंगे:

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र में कभी नहीं लिखा गया कि आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति बनाएंगे। लेकिन हमारे दिल में आपकी जगह है। इस कारण जब मौका आया तो भाजपा ने आदिवासी गौरव को मान देते हुए आदिवासी बेटी, गांव में गरीब परिवार में पैदा हुई बेटी द्रौपदी मुर्मु आज देश की राष्ट्रपति हैं अौर देश का नेतृत्व कर रही हैं। भाजपा ने ही आदिवासी सेनानियाें, आदिवासी संस्कृति के भव्य स्मारक बनाए हैं। यह क्षेत्र सरदार गंजन सिंह कोरकू, सरदार विष्णु सिंह गाेंड की भूमि है। कांग्रेस ने कभी ऐसे वीरों को याद नहीं किया। कल पूरा देश बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाएगा। आदिवासी समाज के विकास के लिए 24 हजार करोड़ रुपये की एक महत्पूर्ण योजना भी केंद्र सरकार कल से शुरू करने जा रही है।

किसी भी अधिकारी कर्मचारी को डरने की जरूरत नही:

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की हार निश्चित है। कांग्रेस के नेता हार तय देखकर बौखला गए हैं। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों को धमकाना शुरू कर दिया है। मैं एमपी के सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों से कहूंगा कि कांग्रेस की धमकियों से से डरने की जरूरत नहीं है। आप इमानदारी से अपना काम करते रहें। एमपी में आज भी भाजपा है और तीन दिसम्बर के नतीजों के बाद भाजपा सरकार ही है। कांग्रेस के धमकी बाज नेताओं के तो यह हाल हैं कि धमकी तो देते हैं लेकिन उनकी खुद की कोई गारंटी नही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी चर्चा करते हैं कि कहीं मोदी लाकर खोल देगा तो लेने के देने पड़ जाएंगे। कांग्रेसियों को यही डर है कि उनके लक को ही मोदी ताला न लगा दे। इसलिए कांग्रेस के भ्रष्ट नेताओं की धमकी की परवाह ना करें।

जनता के लिए कांग्रेस की नफरत झेल रहा और गाली सुन रहा हूं:

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2014 में आपने मुझे देश की सेवा के लिए दिल्ली भेजा था ।उसके बाद साल दर साल कांग्रेस की नफरत बढ़ती जा रही है। पहले दो गाली देते थे अब 20 गाली देते हैं। मैं आपके लिए गाली सुनता हूं और नफरत झेलता हूं। गाली इसलिए देते हैं क्योंकि इनके घोटाले पर रोक लगा दी, अब मलाई मिलती नही है। इनके रहते उनके प्रधानमंत्री कहते थे दिल्ली से 100 पैसा निकलता है तो गांव-गांव में जाते जाते 15 पैसा हो जाता है। मैं पूछता हूं कि वो कौन सा पंजा था जो सौ रुपये को घिसता था जिससे वह 15 पैसे का हो जाता था। भाजपा सरकार आपके लिए 100 रुपये भेजती है तो पूरे-पूरे रुपए आपके बैंक खाते में जमा हो जाते हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button