अंडर-15 बालिका क्रिकेट के लिए 27 और 28 मार्च को ओपन ट्रायल, बैतूल सहित तीन जिलों की खिलाड़ी होंगी शामिल।

मध्य प्रदेश टीम में जगह बनाने का अवसर, एमपीसीए की महिला चयन समिति करेगी ट्रायल।

बैतूल। एमपीसीए इंदौर ने सीजन 2026-27 के लिए अंडर-15 बालिका वर्ग की टीम चयन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी कड़ी में 27 और 28 मार्च 2026 को ओपन ट्रायल आयोजित किया जाएगा, जिसमें नर्मदापुरम संभाग के तीन जिलों नर्मदापुरम, हरदा और बैतूल की बालिका खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगी। ट्रायल में भाग लेने के लिए पात्रता और नियम स्पष्ट कर दिए गए हैं और चयन प्रक्रिया पूरी तरह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी।

नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट संघ नर्मदापुरम के मानसेवी सचिव प्रदीप सिंह तोमर ने बताया कि एमपीसीए इंदौर द्वारा अंडर-15 बालिका वर्ग के खिलाड़ियों का चयन करने के लिए 27 एवं 28 मार्च को ओपन ट्रायल आयोजित किया जा रहा है। यह ट्रायल सीजन 2026-27 के लिए आयोजित किया जा रहा है और इसमें चयनित खिलाड़ियों को आगे मध्य प्रदेश की टीम के चयन के लिए शामिल किया जाएगा।

– 01 सितंबर 2011 से 31 अगस्त 2014 के बीच जन्मी खिलाड़ी ही होंगी पात्र

उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए वही बालिका खिलाड़ी पात्र होंगी जिनका जन्म 01 सितंबर 2011 को या उसके बाद और 31 अगस्त 2014 तक हुआ हो। सभी खिलाड़ियों को अपने-अपने अभिभावकों के साथ 27 मार्च को सुबह 9 बजे रिपोर्ट करना अनिवार्य रहेगा। नर्मदापुरम नगर से बाहर के स्थानों से आने वाली खिलाड़ियों को थोड़ी देरी होने पर भी चयन प्रक्रिया में समायोजित किया जाएगा। पहले दिन की चयन प्रक्रिया के बाद शॉर्टलिस्ट की गई खिलाड़ियों को ही आवश्यकता होने पर दूसरे दिन 28 मार्च को रिपोर्ट करने के लिए बुलाया जाएगा।

– जन्म प्रमाण पत्र की फोटोकॉपी लाना अनिवार्य

ट्रायल में शामिल होने वाली सभी खिलाड़ियों को अपने जन्म प्रमाण पत्र की एक फोटोकॉपी साथ लानी होगी। किसी भी खिलाड़ी को ट्रायल में भाग लेने के लिए टीए, डीए या आवास की व्यवस्था नहीं दी जाएगी, यह भी स्पष्ट किया गया है।

– एमपीसीए इंदौर की महिला चयन समिति करेगी चयन

इस चयन प्रक्रिया में एमपीसीए इंदौर से महिला चयन समिति की सदस्य रेवती जोशी और लीना पाखदे खिलाड़ियों का चयन करेंगी। चयनित खिलाड़ियों को आगे मध्य प्रदेश की टीम के लिए होने वाली चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button