Planted 200 fruit trees: दो भाइयों ने जन्मदिन पर लिया गांव को हराभरा बनाने का संकल्प, लगाए 200 फलदार पौधे
ग्राम टिगरिया में रामजीलाल और प्रेमराज गंगारे ने पर्यावरण सेवा को बनाया जन्मदिन का माध्यम

सैकड़ों ग्रामीणों और समाजजनों की मौजूदगी में पौधारोपण बना उत्सव
बैतूल। जिले के ग्राम टिगरिया में दो भाइयों ने अपने जन्मदिन पर गांव को हरा-भरा बनाने का संकल्प लेकर 200 फलदार पौधों का रोपण किया। मंडीदीप भोपाल निवासी रामजीलाल गंगारे ने अपने गृह ग्राम टिगरिया में अपने व छोटे भाई प्रेमराज गंगारे के साथ जन्मदिवस के पावन अवसर पर पर्यावरण सेवा का यह अद्भुत कार्य किया।

इस अवसर पर सूर्यवंशी ढोलेवार कुन्बी समाज संगठन जिला बैतूल एवं समाज के वरिष्ठजनों और गणमान्य नागरिकों को सादर आमंत्रित कर सभी को तिलक, पुष्पहार से सम्मानित किया गया और एक पेड़ मां के नाम के संकल्प के साथ पौधारोपण करवाया गया। पौधारोपण कार्यक्रम के बाद बैतूल विधायक एवं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का रामजीलाल गंगारे द्वारा स्वागत करते हुए फलदार पौधे भेंट किए गए।
– 15 साल से पर्यावरण संरक्षण के लिए काम कर रहे रामजीलाल

रामजीलाल गंगारे बीते 15 वर्ष से समाज में पर्यावरण जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं। वह जन्मदिन, विवाह, भागवत, कथा जैसे सभी मांगलिक आयोजनों में लोगों को पौधे भेंट कर पौधारोपण के लिए प्रोत्साहित करते हैं। इस आयोजन में उनके मित्र और मार्गदर्शक श्री नागरे (रायगढ़) के सान्निध्य में शिक्षक राधेश्याम गंगारे के सहयोग से पर्यावरण पर आधारित एक लघु नाटिका का भी मंचन किया गया, जिसने उपस्थित जनों को पर्यावरण के महत्व का भावुक संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से श्री धनराज गंगारे, प्रेमराज गंगारे, ज्योतिष गंगारे, डॉ. कमलेश पारधे, तुलसीराम पारधे, विष्णु छेरकी, राजेश महाले और रामप्रसाद महाले का विशेष योगदान रहा।
– पौधारोपण कर सामाजिक एकता और प्रकृति प्रेम का दिया संदेश
जिला संगठन बैतूल से भोलाराम कोकाटे, उमाकांत वानखेड़े, मनोहर राव पारधे, प्रेमराज छेरकी, अरविंद गंगारे, रामशंकर पारधे, ऋषिराम सरले, उमाकांत छेरकी, डॉ. येशोराम पारधे, हरिराम पारधे सहित कई वरिष्ठजनों ने पौधारोपण कर अपनी भागीदारी निभाई। ब्लॉक संगठन से भगवानदास कापसे, मिश्रीलाल करारे, कृष्णा रावत, संतोष रावत ने सहभागिता की। वहीं युवा संगठन के अजय गंगारे, ओमप्रकाश सरले, कपिल गंगारे, अर्जुन पुंडे ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर सामाजिक एकता और प्रकृति प्रेम का संदेश दिया।
– रोपित पौधों की देखभाल का लिया संकल्प
कार्यक्रम का कुशल संचालन गुरुजी धनराज रावते द्वारा किया गया। आयोजनकर्ता रामजीलाल गंगारे ने अंत में सभी अतिथियों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पौधों की देखभाल का संकल्प भी दोहराया।टिगरिया गांव में यह आयोजन एक सामाजिक पर्व बन गया, जिसमें प्रकृति, संस्कृति और समाज की एक अद्भुत त्रिवेणी देखने को मिली।




