पेसा से बदलेगा आदिवासी अंचलों का भविष्य, ग्राम सभा बनेगी सबसे बड़ी ताकत: आशुतोष सिंह चौहान
दो दिवसीय प्रशिक्षण ने जगाया ग्राम स्वराज का आत्मविश्वास

ग्राम सभा की भूमिका, संसाधनों पर अधिकार और निर्णय प्रक्रिया पर रहा विशेष फोकस
सरपंच, समितियों के पदाधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व विभागीय अधिकारी रहे उपस्थित
आठनेर। अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम स्वशासन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पेसा अधिनियम पर आधारित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। मास्टर रिसोर्स पर्सन आशुतोष सिंह चौहान ने कहा कि पेसा अधिनियम ग्राम सभा को अधिकारों का वास्तविक केंद्र बनाता है। प्रशिक्षण में ग्राम सभा की भूमिका, संसाधनों पर अधिकार और निर्णय प्रक्रिया को लेकर गहन जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्रों के दौरान पंचायतीराज प्रशिक्षण केंद्र मुलताई से पहुंचे मुकुंदराव ठाकरे एवं पेसा ब्लॉक समन्वयक शिवशंकर देवहंस ने पेसा अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों को सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से विस्तार से समझाया। ग्राम सभा की भूमिका, प्राकृतिक संसाधनों पर समुदाय के अधिकार, पारंपरिक व्यवस्था का संरक्षण, निर्णय प्रक्रिया में ग्रामवासियों की सहभागिता तथा शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में ग्राम सभा की जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष फोकस किया गया।
– प्रशिक्षणार्थियों की रही सक्रिय सहभागिता
प्रशिक्षण में शामिल प्रशिक्षार्थियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता करते हुए प्रश्न पूछे, अपना प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया और अपने अनुभव साझा किए। समापन अवसर पर प्रशिक्षार्थियों ने कहा कि इस प्रशिक्षण के बाद पेसा अधिनियम को लेकर उनकी समझ स्पष्ट हुई है तथा अपने अधिकारों और कर्तव्यों को लेकर उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने इसे जमीनी स्तर पर सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
– प्रशिक्षण किट वितरण के साथ पेसा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षकों ने आशा व्यक्त की कि प्रशिक्षार्थी प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग अपने-अपने क्षेत्रों में ग्राम सभा को सशक्त बनाने,जनजागरूकता फैलाने और पेसा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन में करेंगे। प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण किट बेग, पेन, नोटबुक एवं पेसा अधिनियम की बुक प्रदान की गई। कार्यक्रम का समापन पेसा एक्ट अधिनियम का क्रियान्वयन अपने पंचायत क्षेत्र में प्रभावी रूप से करने के संकल्प के साथ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य रूप से पेसा अंतर्गत गठित विभिन्न समितियां के अध्यक्ष, सदस्य, ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मोबिलाइजर सहित लाइन विभाग के अधिकारी कर्मचारी सम्मिलित रहे।





