Blind Murder: भाभी ने दो हजार रूपये में अपने भाई से कराई देवर की हत्या, बेल्ट से गला घोंटकर पेट्रोल डालकर जलाया था शव

Blind Murder : बैतूल। देवर के द्वारा आए दिन छोटी छोटी बात पर विवाद करने से तंग आकर भाभी ने उसे मौत के घाट उतारने के लिए अपने भाई को दो हजार रूपये दिए। भाई ने अपने दोस्त के साथ मिलकर बेल्ट से गला घोंटा और पेट्रोल डालकर शव को जला दिया। पुलिस ने छह माह की मशक्कत के बाद अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाकर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। हत्या की साजिश रचने वाली भाभी अभी फरार है।
एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम  मलियाढ़ाना में 27 अप्रैल 2024 को श्यामा उईके के खेत में अज्ञात युवक का जला हुआ शव पड़ा मिला था।   मृतक का चेहरा एवं शरीर में कोई भी पहचान के साक्ष्य नही होने से शिनाख्तगी नही हो पा रही थी। अज्ञात मृतक की हत्या अज्ञात आरोपियो के द्वारा किया जाना पाया जाने पर थाना कोतवाली बैतूल में धारा 302, 201 भादवि का अपराध कायम कर  विवेचना की गई।
मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए गए तो  पता चला कि थाना झल्लार अन्तर्गत ग्राम गाडागोहान से  शंकर दहीकर  25. 04. 2024  से गुम है।  उसके स्वजन से पूछताछ कर  मृतक की फोटो दिखाई पर उन्होंने उसको पहचानने से इंकार कर दिया गया। गुमशुदा शंकर के स्वजन से मिलकर उनके ब्लड सैम्पल को लेकर मृतक के प्रजर्व किए गये प्रदर्शों का मिलान करने डीएनए परीक्षण कराया गया।
डीएनए का मिलान होने पर पुलिस ने जांच की तो पता चला कि मृतक शंकर दहीकर का उसकी भाभी मनीता पति हीराजी दहीकर से  वाद विवाद होता रहता था।  मृतक शंकर की भाभी ने उसके भाई  संदीप दहीकर को शंकर की हत्या करने के लिए कहा और दो हजार रूपये दिए। 25.04.2024 को  संदीप दहीकर अपने साथी नीलेश चौहान  निवासी कास्या बर्रा थाना झल्लार जिला बैतूल के ग्राम गाडागोहान शादी में गए ।
संदीप ने  साथी निलेश के साथ मृतक शंकर को अपने साथ शराब पीने के बहाने ले जा कर घटना स्थल में कमर में पहने अपने बेल्ट से गला घोटकर हत्या कर दी थी। उसके बाद आरोपितों ने रास्ते में एक बाटल में खरीदकर लाए पेट्रोल को डालकर शंकर दहीकर के शव में आग लगाकर जला दिया और  महाराष्ट्र भाग गए।
पुलिस ने दोनों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उन्होंने हत्या करना स्वीकार कर लिया।  मृतक की भाभी मनीता अभी फरार है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button