शिविर में आए मरीजों की भोपाल में होगी नि:शुल्क सर्जरी।
अग्रवाल समाज ने आयोजित किया स्वास्थ्य शिविर।

बैतूल। अग्रवाल समाज बैतूल के तत्वावधान में आज गंज स्थित राधाकृष्ण धर्मशाला में प्रभात श्री हास्पिटल के द्वारा नि:शुल्क मेडिकल चेकअप कैंप आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ अग्रवाल समाज के संरक्षक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत गर्ग, वरिष्ठ समाजसेवी एवं अग्रवाल समाज के संरक्षक श्याम अग्रवाल एवं ने फीता काटकर किया।

शिविर में वरिष्ठ सर्जन रमेश बड़वे एवं ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. जेपी बुच का अग्रवाल समाज के द्वारा सम्मान किया गया। इसके पश्चात शिविर में चेकअप के लिए आए मरीजों की जांच शुरू की गई। अग्रवाल समाज के अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल ने बताया कि दोपहर तक लगभग 150 मरीजों के पंजीयन हुए थे। इनमें से कई मरीजों की सर्जरी के लिए चिकित्सकों ने उन्हें भोपाल रेफर किया है। समाजसेवी मनीष दीक्षित ने बताया कि इस शिविर में आए मरीजों की सर्जरी भोपाल के प्रभात श्री अस्पताल में की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन मरीजों के पास आयुष्मान कार्ड हैं और जिनके पास नहीं है उन्हें अन्य योजनाओं के माध्यम से उनकी नि:शुल्क सर्जरी की जाएगी। डॉ. राम देशमुख, डॉ. वरुण सिंह सहित अन्य विशेषज्ञ डॉक्टर मरीजों की जांच की। शिविर में शुगर, हीमोग्लोबिन और डायबिटीज की जांच नि:शुल्क की गई। इसके अलावा बीएमडी हड्डी जांच और न्यूरोपैथी की जांच भी मुफ्त की गई। शिक्षाविद् कांत दीक्षित, राजकुमार अग्रवाल, सत्यनारायण अग्रवाल, संजय अग्रवाल, बबलू अग्रवाल, राजू अग्रवाल, शक्ति अग्रवाल सहित अन्य सामाजिक बंधु उपस्थित थे।




